Mann Ki Baat 125: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 125वें एपिसोड में देशवासियों से संवाद किया। इस बार कार्यक्रम में उन्होंने प्राकृतिक आपदाओं, शिक्षा, खेल, वोकल फॉर लोकल, और देश की वीर गाथाओं पर चर्चा की। पीएम मोदी ने इस अवसर पर हैदराबाद लिबरेशन डे, यूपीएससी उम्मीदवारों के लिए नई पहल और जम्मू-कश्मीर की सकारात्मक उपलब्धियों को भी रेखांकित किया। प्राकृतिक आपदाएं और NDRF की तत्परता प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार मानसून ने देश की परीक्षा ली है। देश के कई हिस्सों में भीषण बाढ़ और भूस्खलन जैसी घटनाएं हुईं, जिससे जन-धन की हानि हुई। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि NDRF और SDRF के जवानों ने राहत और बचाव कार्यों में दिन-रात अथक प्रयास किया। यूपीएससी उम्मीदवारों को मिलेगा रोजगार का नया मंच पीएम मोदी ने बताया कि जो प्रतिभाशाली युवा UPSC की फाइनल लिस्ट में जगह नहीं बना सके, उनके लिए सरकार ने एक नई पहल की है। ऐसे उम्मीदवारों की जानकारी ‘प्रतिभा सेतु’ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड की जाएगी, जो प्रमुख भारतीय कंपनियों के साथ साझा की जाएगी, जिससे उन्हें उचित रोजगार के अवसर मिल सकें। हैदराबाद लिबरेशन डे: ऑपरेशन पोलो का गौरवगान पीएम मोदी ने याद दिलाया कि सितंबर में हैदराबाद लिबरेशन डे मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि आजादी के बाद भी हैदराबाद निजाम के नियंत्रण में था और वहां रजाकारों के अत्याचार हो रहे थे। तब सरदार वल्लभभाई पटेल के नेतृत्व में ऑपरेशन पोलो चलाया गया और हैदराबाद को भारत में शामिल किया गया। प्रधानमंत्री ने इसे भारतीय एकता का अद्भुत उदाहरण बताया। जम्मू-कश्मीर की बदलती तस्वीर बाढ़ की त्रासदी के बीच पीएम ने जम्मू-कश्मीर की दो बड़ी उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने बताया कि पुलवामा में पहली बार डे-नाइट क्रिकेट मैच खेला गया, और वहां रिकॉर्ड संख्या में दर्शक पहुंचे। प्रधानमंत्री ने इसे ‘नया भारत, बदलता भारत’ की मिसाल बताया। जन-जन की प्रेरक कहानियाँ जितेंद्र सिंह राठौड़ (सूरत): एक सिक्योरिटी गार्ड जो देश के शहीदों की यादें सहेज रहे हैं। उनके पास हजारों शहीदों की तस्वीरें और जानकारी है, और उन्होंने 2500 से अधिक शहीदों के परिजनों के चरणों की मिट्टी एकत्र की है। देवकी ‘सोलर दीदी’ (बिहार): मुजफ्फरपुर की महिला किसान जिन्होंने सोलर पंप से गांव की सिंचाई क्रांति ला दी। अब उनके प्रयास से 40 एकड़ से ज्यादा ज़मीन सिंचित हो रही है। शहडोल के फुटबॉलर और जर्मनी की पेशकश: जर्मन कोच डाइटमार बेयर्सडॉर्फर ने शहडोल के युवाओं को ट्रेनिंग देने की पेशकश की, जिससे जल्द ही कुछ खिलाड़ी जर्मनी जाएंगे। 125वें एपिसोड में प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रभक्ति, जन-भागीदारी और नवाचार को मुख्य संदेश के रूप में प्रस्तुत किया। ‘मन की बात’ एक बार फिर सामान्य लोगों की असाधारण कहानियों को उजागर करने का मंच बना। Read More : J&K Terror Arrest: पहलगाम आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता, पुंछ से 2 आतंकी गिरफ्तार














