26/11 Mumbai Attack : मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए भयावह आतंकी हमले की आज 18वीं बरसी मनाई जा रही है। इस मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने मुंबई पुलिस आयुक्त कार्यालय में आयोजित औपचारिक परेड में हिस्सा लिया। दोनों नेताओं ने हमले में शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों और जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर एक बार फिर उस काली रात को याद किया गया, जब आतंकियों ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को दहला दिया था।
समुद्री रास्ते से आए थे 10 आतंकी, कई प्रमुख स्थानों पर किया हमला
26 नवंबर 2008 की रात पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकवादी समुद्री रास्ते से मुंबई में दाखिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने शहर के कई भीड़भाड़ वाले और महत्वपूर्ण स्थानों को निशाना बनाया। ताज होटल, ओबेरॉय होटल, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT), नरीमन हाउस, कामा अस्पताल, मेट्रो सिनेमा और लियोपोल्ड कैफे सहित कई जगहों पर गोलीबारी और धमाकों से दहशत फैल गई थी। इस हमले में 166 लोगों की जान चली गई, जबकि 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। कई सुरक्षाकर्मियों ने आतंकियों का मुकाबला करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था।

उज्ज्वल निकम ने उठाया सवाल, क्या साजिश रचने वालों को मिला न्याय?
26/11 हमले की बरसी पर वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद उज्ज्वल निकम ने व्यापक साजिश के सभी पहलुओं की जांच और न्याय को लेकर सवाल उठाए। समाचार एजेंसी से बातचीत में उन्होंने कहा कि भारत ने न्यायिक प्रक्रिया के जरिए आतंकवाद के खिलाफ कड़ा संदेश दिया है, लेकिन हमले के पीछे की पूरी साजिश को लेकर कई सवाल आज भी बने हुए हैं।

निकम ने कहा कि 18 साल बीत जाने के बावजूद देश उस दर्दनाक दिन को नहीं भूला है। हर भारतीय के मन में यह सवाल उठता है कि वे 10 आतंकी कौन थे, उन्होंने मुंबई को क्यों निशाना बनाया और उनका असली मकसद क्या था। उन्होंने कहा कि जीवित पकड़े गए पाकिस्तानी आतंकी अजमल कसाब को फांसी दिए जाने से उन्हें संतोष है, लेकिन असली सवाल यह है कि क्या हमले के सभी साजिशकर्ताओं तक पहुंचा जा सका? क्या 166 पीड़ितों को पूरा न्याय मिला?
एस जयशंकर का संदेश, आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर 26/11 हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने निर्दोष नागरिकों और देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सुरक्षाकर्मियों को नमन किया। जयशंकर ने कहा कि भारत आतंकवाद के हर रूप और स्वरूप से लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने और आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कायम रहने का संकल्प दोहराया।

18 साल बाद भी ताजा हैं यादें, छोटू चायवाला नहीं भूले वह खौफनाक मंजर
मुंबई हमले के कई निशान आज भी उस रात की याद दिलाते हैं। लियोपोल्ड कैफे और नरीमन हाउस पर गोलियों के निशान तथा अजमल कसाब को पकड़ने के दौरान शहीद हुए सहायक उपनिरीक्षक तुकाराम ओंबले की प्रतिमा इस त्रासदी की गवाही देती है।CSMT पर लोगों को सतर्क करने में मदद करने वाले और छोटू चायवाला के नाम से चर्चित मोहम्मद तौफीक शेख ने बताया कि 18 साल बाद भी उस रात की यादें उन्हें परेशान करती हैं। उन्होंने बताया कि वह चाय के पैसे लेने बाहर गए थे, तभी पटाखों जैसी आवाज सुनाई दी और भगदड़ मच गई। उन्होंने लोगों को आगाह किया, अंदर जाकर गेट बंद किया और अधिकारियों को सूचना दी।
कसाब को पकड़ा गया, नौ आतंकियों को सुरक्षाबलों ने किया था ढेर
तौफीक शेख के मुताबिक, हमलावर ने पंजाबी में गाली देते हुए गोलियां चलाईं। एक गोली मेज पर लगी, दूसरी से कांच टूट गया और तीसरी छिटककर लगी। हालात इतने भयावह थे कि उन्होंने अपने परिवार को फोन कर अंतिम विदाई तक कह दी थी। हमले के दौरान सुरक्षाबलों ने नौ आतंकियों को मार गिराया, जबकि अजमल कसाब को जिंदा पकड़ा गया। मई 2010 में कसाब को मौत की सजा सुनाई गई और नवंबर 2012 में पुणे की जेल में उसे फांसी दे दी गई। 18 साल बाद भी 26/11 का दर्द और न्याय से जुड़े सवाल देश की स्मृति में कायम हैं।
Read More : Delhi Air Pollution: दिल्ली की हवा फिर खराब, औसत AQI 228 दर्ज, सुप्रीम कोर्ट का BS-VI वाहनों पर सख्त रुख

