Thetarget365

राजेश ज्वेलर्स में डकैती के 6 आरोपी गिरफ्तार, गर्लफ्रैंड भी हिरासत में

अंबिकापुर @thetarget365 छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रामानुजगंज स्थित राजेश ज्वेलर्स में दो करोड़ 92 लाख रुपये की सशस्त्र लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना में शामिल बुकी गैंग के सरगना चैनपुर पलामू निवासी मोनू सोनी, उसके भाई सोनू सोनी, सोनू की महिला मित्र अंजनी एक्का, इनके मामा अरविंद सोनी सहित घटना में शामिल अंबा बिहार निवासी विक्की सिंह व राहुल मेहता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से सोना, चांदी, नकदी, पिस्टल सहित दो करोड़ 40 लाख रुपये का सामान बरामद कर लिया है। घटना में शामिल दो आरोपी अभी फरार हैं। इनकी तलाश की जा रही है।

   बलरामपुर पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने गुरुवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में बताया कि रामानुजगंज स्थित राजेश सोनी के राजेश ज्वेलर्स में 11 सितंबर को हथियारों के दम पर सशस्त्र लूट की घटना हुई थी। राजेश सोनी के साथ मारपीट भी की गई थी। उनके सिर पर पिस्टल के बट्ट से प्रहार कर घायल कर दिया गया था। घटना के बाद लूटेरे झारखंड की ओर फरार हो गए थे। सीसी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की गई थी। इसी आधार पर पुलिस की 05 टीमों को जांच में लगाया गया था। साइबर सेल बलरामपुर की मदद से आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें झारखंड, बिहार, पंजाब, दिल्ली व चंडीगढ़ रवाना किया गया था।

देखें वीडियो 👇

 

उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी बुकी गैंग के सरगना मोनू सोनी उर्फ राज सोनी उर्फ बुकी तथा घटना की प्लानिंग करने वाले मास्टरमाइंड सोनू सोनी व इन दोनों के मामा अरविंद सोनी को दिल्ली पुलिस की मदद से दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में लूट की रकम सोनू सोनी द्वारा महिला मित्र अंजनी एक्का को देने की पुष्टि पर उसे मोहाली पंजाब से पकड़ा गया। एसपी ने बताया कि बिहार के अंबा थाना क्षेत्र के महाबीरगंज निवासी राहुल मेहता व जमुआ निवासी विक्की सिंह को औरंगाबाद से गिरफ्तार किया गया। ये दोनों पुलिस पकड़ में आने से बचने लगातार भाग रहे थे।

बरवाडीह रेलवे स्टेशन में हुआ आभूषणों का बंटवारा

अंतरराज्यीय बुकी गैंग के सदस्यों ने झारखंड में ही घटना की योजना बनाई थी। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म में प्रसारित राजेश ज्वेलर्स के प्रचार सामग्री का अवलोकन किया था। घटना के पहले उन्होंने रामानुजगंज में आकर घटना की रेकी भी की थी। 11 सितंबर की दोपहर घटना के बाद पांचों बरवाडीह रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां पहले से घटना का मास्टर माइंड सोनू सोनी व डब्लू गुप्ता बोलेरो वाहन लेकर खड़े थे। यहां सभी ने लूटी गई सोने की ज्वेलरी व नकदी का बंटवारा किया। यहां से अपना हिस्सा लेकर आरोपी राहुल मेहता व राधेश्याम पासवान पटना चले गए थे।

गर्लफ्रैंड के खाते में जमा कराई राशि

   एसपी वैभव बैंकर ने बताया कि बरवाडीह रेलवे स्टेशन के पास से अंतरराज्यीय अपराधी मोनू सोनी व सोनू सोनी अपने मामा अरविंद सोनी उर्फ आनंद से मिले। यहां उन्होंने कुछ सोने को गला अपने गृहग्राम चैनपुर ले गए और जमीन में गड्ढा खोदकर छिपा दिया था। कुछ सोने को बेचकर सोनू ने पांच लाख 80 हजार रुपये गर्लफ्रैंड अंजनी एक्का के खाते में जमा कराया था। इस खाते को फ्रीज कर दिया गया है।

जेवरात बरामद करने पुलिस ने लगाई ताकत

छत्तीसगढ़ की पुलिस टीम ने आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद जेवरातों को बरामद करने में भी ताकत लगाया। अरविंद सोनी ने अपने हिस्से के जेवर को चैनपुर स्थित दुकान व घर में छिपा रखा था। आरोपी राहुल मेहता ने सोने को अपने गांव महावीरगंज में नदी किनारे से बरामद करवाया। विक्की सिंह ने अपने घर के टीन शेड में ज्वेलरी छिपा दी थी उसे भी बरामद कर लिया गया है। जिस आभूषण विक्रेता के पास आरोपितों ने जेवर बेचे थे। उस तक पुलिस पहुंच गई थी, उसने सारा जेवरात बरामद कराया। उसकी स्वास्थ्यगत परेशानियों को देखते हुए पुलिस ने उसे नोटिस जारी कर न्यायालय द्वारा बुलाने पर उपस्थित होने निर्देशित किया है।

गिरफ्तार आरोपी

मोनू सोनी उर्फ राज सोनी उर्फ बुकी उर्फ बुकिंग 24 वर्ष ग्राम व थाना चैनपुर पलामू।

सोनू सोनी उर्फ आनंद सोनी 30 वर्ष ग्राम व थाना चैनपुर पलामू।

राहुल मेहता 22 वर्ष महाबीरगंज थाना अम्बा जिला औरंगाबाद बिहार।

विक्की सिंह 24 वर्ष ग्राम जमुआ थाना अम्बा जिला औरंगाबाद बिहार।

अरविन्द सोनी (सोनू का मामा), ग्राम व थाना चैनपुर पलामू झारखंड।

अंजनी एक्का (आरोपी सोनू की गर्लफ्रैंड) मोहाली चंडीगढ़।

बरामद सामान

सोना 3.354 किलोग्राम
चांदी एक किलो 200 ग्राम
दो बैंक एकाउंट से पांच लाख 70 हजार रुपये, एक बोलेरो वाहन
दो अपाचे बाइक
दो नग पिस्टल

अन्य राज्यों में भी कई प्रकरण दर्ज

मुख्य आरोपी सोनू सोनी एवं मोनू सोनी के विरूद्ध बिहार व झारखंड के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लूट, डकैती, हत्या एवं हत्या का प्रयास जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। झारखंड पुलिस द्वारा लंबे समय से इनकी तलाश की जा रही थी। आरोपी सोनू सोनी एवं मोनू सोनी के विरुद्ध झारखंड पुलिस द्वारा 50-50 हजार रूपये का ईनाम भी घोषित किया गया था। इनके विरुद्ध थाना चैनपुर में वर्ष 2018 में लूट का पहला मामला दर्ज था। इसके अलावा
थाना पलामू, चैनपुर, सोनारी, गुमला, थाना सुखदेवनगर रांची में भी आधा दर्जन से अधिक प्रकरण दर्ज है।

पुलिस की बड़ी सफलता पर डीजीपी ने की इनाम की घोषणा

पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा ने इस सफलता पर पुलिस टीम को बधाई दी है। उन्होंने पुलिस टीम में शामिल अधिकारी-कर्मचारियों को इनाम देने की घोषणा की है।इस सफल कार्रवाई में आइजी अंकित गर्ग, एसपी वैभव बैंकर के नेतृत्व में एएसपी शैलेंद्र पाण्डेय, डीएसपी याकूब मेमन, निरीक्षक रमाकांत तिवारी, संतलाल आयाम, कुमार चंदन सिंह, उप निरीक्षक हिम्मत सिंह शेखावत, सुभाष कुजूर, एएसआई अश्विनी सिंह, राधेश्याम विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक मायापति सिंह, शीपक रंजन शर्मा, नारायण दास तिवारी व साइबर सेल बलरामपुर की पूरी टीम सक्रिय रही।

thetarget365

Recent Posts

LPG Price Hike: कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें बढ़ीं, जानिए घरेलू गैस के ताजा दाम

LPG Price Hike:  देश में आम जनता और व्यापारियों को महंगाई का एक और बड़ा…

7 minutes ago

Purple Cap Winner IPL 2026: रबाडा ने फाइनल में भुवनेश्वर से छीनी पर्पल कैप, आखिरी ओवरों का वो रोमांच!

Purple Cap Winner IPL 2026:  इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का रोमांचक समापन हो चुका…

7 hours ago

RCB Champion : कप्तान रजत पाटीदार ने आगे रहकर किया कमाल, जानिए जीत के वो पांच मास्टरस्ट्रोक

RCB Champion : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के खिताबी मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु…

7 hours ago

Suman Kalyanpur Death : नहीं रहीं दिग्गज गायिका सुमन कल्याणपुर, नवासी साल की उम्र में ली अंतिम सांस

Suman Kalyanpur Death :  भारतीय संगीत जगत से एक बेहद ही दुखद और झकझोर देने…

7 hours ago

RCB wins IPL : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीता खिताब, लगातार दूसरी बार बनी चैंपियन

RCB wins IPL : क्रिकेट प्रेमियों के लिए रविवार की रात बेहद रोमांचक रही, जहां…

7 hours ago

Myanmar Blast : म्यांमार में भीषण बम धमाका, कम से कम 55 लोगों की मौत, 70 घायल

Myanmar Blast :  एक तरफ जहां म्यांमार के राष्ट्रपति भारत के आधिकारिक दौरे पर हैं,…

8 hours ago

This website uses cookies.