Armenia Parliament Clash: आर्मेनिया की संसद में गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 को सत्तारूढ़ दल और विपक्षी सांसदों के बीच जमकर हाथापाई हुई। सदन की कार्यवाही के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के सांसदों के बीच घूंसे और लात चलने लगे। संसद के आधिकारिक लाइव प्रसारण में इस घटना के दृश्य सामने आए। हालात इतने बिगड़ गए कि झड़प सदन से बाहर निकलकर गलियारों तक पहुंच गई।

ऑडिट चैंबर में नियुक्ति पर चर्चा के दौरान शुरू हुआ विवाद
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, विवाद की शुरुआत देश के ऑडिट चैंबर के एक सदस्य की नियुक्ति पर चर्चा के दौरान हुई। इस दौरान सत्तारूढ़ सिविल कॉन्ट्रैक्ट पार्टी के सांसद तारोन चाखोयान ने विपक्षी नेता नारेक कारापेतियन के एक रिश्तेदार की चुनाव से पहले की गई विवादित टिप्पणी का मुद्दा उठा दिया। इसके बाद सदन में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

महिलाओं से जुड़े विवादित बयान का किया गया जिक्र
आर्मेनिया की समाचार एजेंसी आर्मेनप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, चाखोयान ने कारापेतियन को उनके चचेरे भाई की उस कथित टिप्पणी की याद दिलाई, जिसमें विपक्ष के सत्ता में आने पर महिलाओं को संतुष्ट करने के लिए एक अलग मंत्रालय बनाने का प्रस्ताव दिया गया था। चाखोयान ने यह भी कहा कि इस टिप्पणी के लिए अब तक माफी नहीं मांगी गई है। इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
बहस से शुरू हुई मारपीट, संसद में फेंकी गई कुर्सी
चाखोयान के बयान पर कारापेतियन ने पहले अपनी सीट पर बैठे-बैठे जवाब दिया। लेकिन जब वह भाषण मंच की ओर बढ़े, तो स्थिति अचानक बिगड़ गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के सांसद आपस में भिड़ गए। लाइव वीडियो में सदस्यों को एक-दूसरे पर घूंसे और लात चलाते देखा गया। इसी दौरान उपसभापति वाहागन अलेक्सानियन पर विपक्षी सांसदों की ओर कुर्सी फेंकने का आरोप भी सामने आया।
Armenia’s Parliament Erupts: Political Sparring Turns Into Full-On Lawmaker Brawl
A speech by ruling-party lawmaker Taron Chakhoyan sparked a furious exchange with opposition members – the verbal clashes soon exploding into chaos with a mass toe-to-toe punching session. pic.twitter.com/1c6DfUtpQL
— RT_India (@RT_India_news) October 29, 2026

स्पीकर ने विपक्षी नेता को ठहराया जिम्मेदार
संसद के स्पीकर रुबेन रुबिनियन ने घटना के लिए विपक्षी नेता कारापेतियन को जिम्मेदार बताया। उनके अनुसार, उन्होंने सदन में हुई घटना के वीडियो फुटेज की समीक्षा की और चाखोयान के बयान में कुछ भी अनुचित नहीं पाया। स्पीकर ने आरोप लगाया कि कारापेतियन अपना गुस्सा नियंत्रित नहीं कर सके और उन्होंने चाखोयान पर हमला करने की कोशिश की। उन्होंने यह भी दावा किया कि झड़प के दौरान विपक्षी सांसद गार्निक दावत्यन ने चाखोयान को मारा।
झड़प में सांसद घायल, संसद पहुंची एंबुलेंस
संघर्ष के बाद संसद भवन में एंबुलेंस पहुंची। यूक्रेनी समाचार एजेंसी यूएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, विपक्षी दल स्ट्रॉन्ग आर्मेनिया के सांसद आंदानिक गेवरगियन की नाक से खून बह रहा था। वहीं, इसी पार्टी के सांसद रूबेन मखितारियन के कपड़े फट गए थे। हालात को और बिगड़ने से रोकने के लिए सुरक्षा कर्मचारियों ने गलियारे में दोनों पक्षों के बीच अवरोध खड़े किए।
आर्मेनिया की संसद में पहले भी हो चुकी है हाथापाई
आर्मेनिया की संसद में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच इस तरह का संघर्ष पहली बार नहीं हुआ है। अक्टूबर की शुरुआत में भी सांसदों के बीच हाथापाई हुई थी। उस समय विपक्षी सांसद एडगर गजारियन ने स्पीकर रुबिनियन पर सांसदों को बोनस देने में सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया था। ताजा घटना ने एक बार फिर आर्मेनिया की राजनीति में बढ़ते तनाव और संसद के भीतर गहरे मतभेदों को उजागर कर दिया है।
Read More : SIR Update 2026: वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का बढ़ा मौका, जानिए किस राज्य में क्या है नई तारीख

