Ganja Smuggling Arrest : छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने पिछले दो दिनों में बड़ी कार्रवाई की है। कांकेर, केशकाल और जगदलपुर में तीन अलग-अलग ऑपरेशन चलाकर पुलिस ने कुल 884 किलो 410 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब 5 करोड़ 92 लाख रुपये बताई जा रही है। इन कार्रवाइयों में जगदलपुर पुलिस को सबसे बड़ी सफलता मिली, जहां एक पिकअप वाहन से 476 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इस मामले में तीन नाबालिगों सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जगदलपुर में मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल
जगदलपुर में 5 नवंबर को बोधघाट थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की पिकअप में गांजा भरकर कुछ लोग ओडिशा से कुरंदी के रास्ते जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलने के बाद एसपी शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तस्करों को पकड़ने के लिए ग्राम अड़ावाल स्थित रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर जांच शुरू की।

बाइक से पिकअप की पायलेटिंग कर रहे थे तस्कर
पुलिस की चेकिंग के दौरान लाल रंग की बाइक पर सवार दो युवक दिखाई दिए। ये युवक संदिग्ध पिकअप वाहन के आगे चलकर उसकी पायलेटिंग कर रहे थे। कुछ देर बाद सफेद रंग की पिकअप भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने भागने की कोशिश की। हालांकि, पहले से की गई घेराबंदी के कारण पुलिस ने सभी संदिग्धों को पकड़ लिया।

पिकअप की 15 बोरियों से मिला 476 किलो गांजा
पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें रखी 15 बोरियों से 476 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, तस्करों ने गांजे को बंडलों में पैक करके बोरियों के अंदर छिपाया था, ताकि जांच के दौरान किसी को शक न हो। पूछताछ में आरोपी गांजे के परिवहन और बिक्री से जुड़े वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
ओडिशा के सात आरोपी गिरफ्तार, तीन नाबालिग शामिल
इस मामले में पुलिस ने भगवान पांगी (25), घासी खिलो (21), चित्रसेन गल्लोरी (22), रोहणी गल्लोरी (27) और तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी ओडिशा के मलकानगिरी जिले के कोरकोंडा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम कोंटामाड़ी के रहने वाले हैं। आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा पिकअप, एक बाइक, छह मोबाइल फोन और 1,500 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज किया है। सभी को न्यायिक रिमांड पर विशेष NDPS न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गांजे की आपूर्ति तथा बिक्री से संबंधित पहलुओं की जांच कर रही है।
कांकेर और केशकाल में भी पुलिस ने पकड़ा गांजा
जगदलपुर की कार्रवाई से पहले कांकेर और केशकाल में भी पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया था। कांकेर में गढ़िया पहाड़ के पास पुलिस ने गांजे से भरी 70 बोरियां बरामद कीं। हालांकि, पुलिस को देखकर तस्कर मौके से फरार हो गए। वहीं, केशकाल में एक कार से 407 किलो 910 ग्राम गांजा जब्त किया गया। इस मामले में राजस्थान के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
तीन कार्रवाई में 5.92 करोड़ रुपये का गांजा जब्त
कांकेर, केशकाल और जगदलपुर की तीनों कार्रवाइयों को मिलाकर पुलिस ने कुल 884 किलो 410 ग्राम गांजा जब्त किया है। इसकी बाजार कीमत करीब 5 करोड़ 92 लाख रुपये आंकी गई है। ASP सुखनंदन सिंह के मुताबिक, नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। तस्करी में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Read More : Bhim Army FIR Raipur : रायपुर में भीम आर्मी का सड़क जाम प्रदर्शन, प्रदेश अध्यक्ष समेत 11 पर FIR दर्ज

