Rohit Sharma Record : भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। भले ही इस मैच में रोहित का बल्ला बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं रहा, लेकिन उनकी 23 रनों की छोटी पारी ने क्रिकेट इतिहास में नया रिकॉर्ड दर्ज करा दिया। उन्होंने अपनी इस पारी में दो शानदार छक्के लगाए। इन दो छक्कों के साथ ही रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
शाहिद अफरीदी का सालों पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दो छक्के लगाकर पाकिस्तान के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज शाहिद अफरीदी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले वनडे क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अफरीदी के नाम था। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय वनडे करियर में कीवी टीम के खिलाफ कुल 50 छक्के लगाए थे।

वहीं, दूसरे वनडे मुकाबले से पहले रोहित शर्मा के नाम न्यूजीलैंड के खिलाफ 49 छक्के दर्ज थे। मुकाबले में लगाए गए दो छक्कों के बाद उनका आंकड़ा 51 तक पहुंच गया। इस तरह उन्होंने अफरीदी को पीछे छोड़ते हुए इस खास रिकॉर्ड पर कब्जा जमा लिया। इस सूची में वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल 45 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

तीन अलग-अलग टीमों के खिलाफ 50 छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड
रोहित शर्मा ने इस मुकाबले में सिर्फ शाहिद अफरीदी का रिकॉर्ड ही नहीं तोड़ा, बल्कि एक अन्य बड़े विश्व रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली। वह वनडे क्रिकेट के इतिहास में तीन अलग-अलग टीमों के खिलाफ 50 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।
इससे पहले पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। अब रोहित शर्मा ने भी उनके इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। न्यूजीलैंड के खिलाफ 51 छक्के लगाने के साथ ही कीवी टीम तीसरी ऐसी टीम बन गई है, जिसके खिलाफ रोहित ने वनडे क्रिकेट में 50 से ज्यादा छक्के जड़े हैं।

ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के खिलाफ भी रोहित का दबदबा
रोहित शर्मा का वनडे क्रिकेट में छक्के लगाने के मामले में रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब तक 93 छक्के लगाए हैं, जबकि श्रीलंका के खिलाफ उनके नाम 58 छक्के दर्ज हैं। अब न्यूजीलैंड के खिलाफ 51 छक्के लगाकर उन्होंने अपनी इस सूची में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ ली है।
रोहित की बल्लेबाजी की सबसे बड़ी खासियत बड़े शॉट खेलने की क्षमता है। वह शुरुआत में समय लेने के बाद गेंदबाजों पर दबाव बनाते हैं और आसानी से छक्के लगाने के लिए जाने जाते हैं।
वनडे क्रिकेट में एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के
किसी एक टीम के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में रोहित शर्मा का दबदबा दिखाई देता है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 93 छक्कों के साथ वह शीर्ष पर हैं। क्रिस गेल ने इंग्लैंड के खिलाफ 85 छक्के लगाए हैं। शाहिद अफरीदी ने श्रीलंका के खिलाफ 63 छक्के जड़े हैं।
वहीं, श्रीलंका के खिलाफ रोहित के 58 और न्यूजीलैंड के खिलाफ 51 छक्के हो चुके हैं। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान अफरीदी ने भारत के खिलाफ भी 51 छक्के लगाए थे। इस उपलब्धि के साथ रोहित ने एक बार फिर साबित किया है कि वह वनडे क्रिकेट के सबसे खतरनाक छक्का लगाने वाले बल्लेबाजों में शामिल हैं।
वनडे में एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के
| बल्लेबाज | विपक्षी टीम | छक्के |
|---|---|---|
| रोहित शर्मा | ऑस्ट्रेलिया | 93 |
| क्रिस गेल | इंग्लैंड | 85 |
| शाहिद अफरीदी | श्रीलंका | 63 |
| रोहित शर्मा | श्रीलंका | 58 |
| सनथ जयसूर्या | पाकिस्तान | 53 |
| शाहिद अफरीदी | भारत | 51 |
| रोहित शर्मा | न्यूजीलैंड | 51 |
| शाहिद अफरीदी | न्यूजीलैंड | 50 |
Read More : Faridabad Murder Case : फरीदाबाद में पार्किंग विवाद बना खूनी खेल, टेक महिंद्रा के एशिया हेड परमजीत की हत्या

