Boston Missing Indian Student : अमेरिका के बोस्टन शहर से एक भारतीय छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। तेलंगाना की रहने वाली 23 वर्षीय श्रीजा रेड्डी कोया अचानक लापता हो गई हैं। वह यूनिवर्सिटी ऑफ मैसाचुसेट्स बोस्टन में उच्च शिक्षा हासिल कर रही थीं। उनके लापता होने की खबर से अमेरिका में रह रहे भारतीय समुदाय और तेलंगाना में उनके परिवार की चिंता बढ़ गई है। बोस्टन पुलिस ने 5 नवंबर को उनकी गुमशुदगी को लेकर अलर्ट जारी किया और आम लोगों से उन्हें खोजने में मदद मांगी है।
दो नवंबर की रात आखिरी बार देखी गई थीं श्रीजा
बोस्टन पुलिस के अनुसार, श्रीजा रेड्डी को आखिरी बार 2 नवंबर 2026 की रात करीब 9 बजकर 45 मिनट पर देखा गया था। वह डोरचेस्टर इलाके के एडिसन ग्रीन स्थित अपने आवास से बाहर निकली थीं। उस समय उन्होंने काली जैकेट और नीली जींस पहन रखी थी। पुलिस को आशंका है कि वह कार्सन बीच या हार्बर पॉइंट के आसपास गई हो सकती हैं। हालांकि, उनके वहां पहुंचने की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने जारी किया अलर्ट, लोगों से मांगी मदद
श्रीजा की तलाश के लिए बोस्टन पुलिस ने सार्वजनिक अपील जारी की है। पुलिस ने कहा है कि अगर किसी व्यक्ति को श्रीजा के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल अधिकारियों को सूचित करें। आपातकालीन सूचना के लिए 911 पर कॉल किया जा सकता है। इसके अलावा डोरचेस्टर के डिस्ट्रिक्ट C-11 डिटेक्टिव्स से 617-343-4335 पर संपर्क किया जा सकता है। क्राइमस्टॉपर्स टिप लाइन 1-800-494-TIPS पर कॉल या 27463 पर TIP लिखकर संदेश भेजने का विकल्प भी उपलब्ध है। पुलिस ने जानकारी देने वालों की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिया है।

मोबाइल फोन बंद, कमरे के आसपास मिली आखिरी लोकेशन
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, श्रीजा के पिता कोय्या यदागिरी रेड्डी ने बताया कि उनकी बेटी करीब डेढ़ साल पहले उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गई थीं। पढ़ाई के साथ वह वहां पार्ट टाइम नौकरी भी कर रही थीं। पिता के अनुसार, 2 नवंबर को श्रीजा कॉलेज गई थीं। इसके बाद वह अपने कमरे पर लौटीं और कुछ देर बाद टहलने के लिए बाहर निकल गईं। इसके बाद से उनका मोबाइल फोन बंद आ रहा है।
एक किलोमीटर टहलने निकलीं, फिर नहीं लौटीं
श्रीजा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी लगभग एक किलोमीटर तक टहलने के लिए निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। पुलिस ने परिवार को जानकारी दी कि उनकी आखिरी उपलब्ध लोकेशन आवास से करीब आधा किलोमीटर के दायरे में मिली थी। परिवार को शुरुआत में उम्मीद थी कि श्रीजा आसपास ही होंगी और जल्द घर लौट आएंगी। लेकिन कई दिन गुजरने के बावजूद उनसे संपर्क नहीं हो सका है।

तेलंगाना के मंत्री ने विदेश मंत्रालय से मांगी मदद
इस मामले में तेलंगाना सरकार के सड़क एवं भवन मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी ने हस्तक्षेप किया है। उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर श्रीजा के लापता होने पर चिंता जताई। मंत्री ने बोस्टन स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास, अमेरिका में भारतीय दूतावास, विदेश मंत्रालय और बोस्टन पुलिस से तत्काल कार्रवाई करने की अपील की।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर को भी किया टैग
मंत्री ने विदेश मंत्रालय के कांसुलर, पासपोर्ट एवं वीजा (CPV) प्रभाग से भी मामले में मदद करने का अनुरोध किया। उन्होंने विदेश मंत्री एस. जयशंकर, विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह और केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी को अपनी पोस्ट में टैग किया। श्रीजा के माता-पिता कोय्या यदागिरी रेड्डी और रूपा तेलंगाना के नलगोंडा जिले के कनगल मंडल स्थित शब्बुलापुरम गांव के निवासी हैं। पूरा परिवार बेटी की सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहा है।

