Kal Ka Mausam : दिवाली के मौके पर उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार 8 नवंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में बारिश की संभावना कम है। इन राज्यों में अगले तीन दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रह सकता है। हालांकि, 11 और 12 नवंबर को कुछ इलाकों में बादल छाने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। इस बदलाव के कारण तापमान में मामूली गिरावट आने और सुबह-शाम ठंड बढ़ने के आसार हैं।
पहाड़ों पर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
मैदानी इलाकों के मुकाबले पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां बढ़ेंगी। अगले 72 घंटों के दौरान पहाड़ी इलाकों में मौसम खराब होने की संभावना है। बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट आएगी और ठंड का असर पहले से ज्यादा महसूस किया जा सकता है।

हिमाचल प्रदेश के चार जिलों में बर्फबारी की संभावना
हिमाचल प्रदेश में 11, 12 और 13 नवंबर को मौसम ज्यादा प्रभावित रह सकता है। मौसम विभाग ने किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और चंबा के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। पहाड़ों की चोटियों पर बर्फ गिरने से आसपास के क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय इलाकों में भी बर्फबारी और कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। उत्तराखंड के हिमालयी क्षेत्रों में भी इसी तरह की मौसमी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

दिल्ली-NCR में साफ रहेगा मौसम, प्रदूषण बढ़ाएगा परेशानी
दिल्ली-एनसीआर में रविवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। यहां न्यूनतम तापमान करीब 16 डिग्री और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालांकि, मौसम से ज्यादा चिंता वायु प्रदूषण को लेकर है। राजधानी में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में पहुंच रही है। उपलब्ध सीपीसीबी आंकड़ों के अनुसार, कई इलाकों में एक्यूआई 400 के पार दर्ज किया गया है। प्रदूषण और दिवाली के पटाखों के धुएं से सांस संबंधी परेशानियां बढ़ने का खतरा है। इसी वजह से दिल्ली में GRAP-3 के प्रतिबंध लागू किए गए हैं।
दक्षिण भारत में उत्तर-पूर्वी मानसून से भारी बारिश
दक्षिण भारत में उत्तर-पूर्वी मानसून सक्रिय रहने के कारण अगले दो से तीन दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। तमिलनाडु, केरल और दक्षिणी कर्नाटक में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। तमिलनाडु के कई जिलों में रविवार को भारी वर्षा का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और आसपास के केरल क्षेत्र से दक्षिण आंतरिक कर्नाटक की ओर फैला निम्न दबाव क्षेत्र बारिश की गतिविधियों को प्रभावित कर रहा है।

तमिलनाडु के आठ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
आईएमडी ने तंजावुर, तिरुवरूर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई, पुदुक्कोट्टई, रामनाथपुरम, थूथुकुडी और कन्याकुमारी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा चेंगलपट्टू, विल्लुपुरम, कुड्डालोर, विरुधुनगर और तेनकासी समेत कई जिलों में मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और गरज-चमक की आशंका भी है।


