ऐपल के अपकमिंग स्मार्टफोन iPhone 18 को लेकर टेक्नोलॉजी की दुनिया में चर्चाएं तेज हो गई हैं। कंपनी अगले साल iPhone 18 सीरीज के साथ iPhone 18e भी पेश कर सकती है। लॉन्च से पहले ही स्टैंडर्ड iPhone 18 के संभावित फीचर्स और स्पेसिफिकेशन ऑनलाइन लीक होने शुरू हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार ऐपल अपने स्टैंडर्ड मॉडल में कई बड़े बदलाव कर सकती है। इसमें बड़ी बैटरी, नया प्रोसेसर, बेहतर कैमरा और ज्यादा रैम मिलने की उम्मीद है। सबसे खास बात यह है कि इसकी बैटरी क्षमता iPhone 18 Pro से भी ज्यादा हो सकती है।
iPhone 18 में मिल सकती है 4,430mAh की बड़ी बैटरी
लीक जानकारी के मुताबिक, iPhone 18 में 4,430mAh की बैटरी दी जा सकती है। टेक टिप्स्टर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस संभावित बैटरी क्षमता का दावा किया है। अगर यह जानकारी सही साबित होती है, तो पिछले मॉडल के मुकाबले यह काफी बड़ा अपग्रेड होगा।

दरअसल, टेस्टिंग के दौरान सामने आई जानकारी के मुताबिक iPhone 17 में 3,692mAh की बैटरी मिलती है। वहीं, रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि iPhone 18 Pro में 4,056mAh की बैटरी दी जा सकती है। ऐसे में स्टैंडर्ड iPhone 18 की बैटरी अपने महंगे Pro मॉडल से भी बड़ी हो सकती है। हालांकि, ऐपल ने अभी तक इन आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

6.3 इंच की ProMotion डिस्प्ले और नया A20 प्रोसेसर
डिस्प्ले की बात करें तो iPhone 18 में 6.3 इंच की ProMotion स्क्रीन मिलने की संभावना है। इसका रेजोल्यूशन 1,206 x 2,622 पिक्सल हो सकता है। इसके अलावा फोन में एंटी-रिफ्लेक्टिव कोटिंग भी दी जा सकती है। इसकी मदद से तेज धूप और रोशनी में स्क्रीन पर पड़ने वाले रिफ्लेक्शन को कम करने में मदद मिलेगी।
परफॉर्मेंस के लिए कंपनी इसमें नया A20 चिपसेट इस्तेमाल कर सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह प्रोसेसर 2nm टेक्नोलॉजी पर आधारित हो सकता है। यह मौजूदा iPhone 17 में मिलने वाले A19 चिपसेट की जगह लेगा। नई चिपसेट तकनीक से प्रोसेसिंग स्पीड, बैटरी एफिशिएंसी और ओवरऑल परफॉर्मेंस में सुधार होने की उम्मीद है।

9GB रैम और 48MP के दो कैमरों से होगा लैस
लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक, iPhone 18 में 9GB रैम दी जा सकती है। यह पिछले मॉडल iPhone 17 की 8GB रैम से ज्यादा होगी। इसके साथ ही ऐपल अपने नए C2 मॉडेम का इस्तेमाल कर सकती है। कंपनी मौजूदा क्वालकॉम X80 मॉडेम की जगह अपना इन-हाउस मॉडेम दे सकती है।
कैमरा सेक्शन में भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। फोन के पिछले हिस्से में डुअल कैमरा सेटअप मिलने की उम्मीद है। इसमें 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा और 48 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा शामिल हो सकता है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 18 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है।
40W फास्ट चार्जिंग और IP68 रेटिंग की उम्मीद
बैटरी के साथ चार्जिंग स्पीड में भी सुधार देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, iPhone 18 में 40W वायर्ड फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिल सकता है। इसके अलावा फोन 25W वायरलेस चार्जिंग को भी सपोर्ट कर सकता है। सुरक्षा और मजबूती के लिहाज से इसमें IP68 रेटिंग मिलने की संभावना है, जो पानी और धूल से सुरक्षा प्रदान करती है।
कितनी हो सकती है iPhone 18 की कीमत?
कीमत को लेकर सामने आई शुरुआती रिपोर्ट्स में iPhone 18 की शुरुआती कीमत करीब 999 डॉलर बताई जा रही है। भारतीय मुद्रा में यह लगभग 89,000 रुपये होती है। हालांकि, यह केवल डॉलर के आधार पर किया गया अनुमान है। भारत में लॉन्च के समय टैक्स और अन्य शुल्कों के कारण वास्तविक कीमत अलग हो सकती है। फिलहाल ऐपल ने लॉन्च डेट, फीचर्स और कीमत को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। इसलिए इन सभी जानकारियों को संभावित लीक के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।


