Punjab Election 2027 : पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पार्टी ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 31 विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं। पार्टी ने माझा, दोआबा और मालवा क्षेत्र की अलग-अलग सीटों पर उम्मीदवार उतारकर चुनावी समीकरण साधने की कोशिश की है।
दूसरी सूची में कई चर्चित नेताओं और मौजूदा जनप्रतिनिधियों के नाम शामिल हैं। हालांकि, कुछ ऐसे फैसले भी सामने आए हैं, जिन्होंने राजनीतिक हलकों में चर्चा बढ़ा दी है। पार्टी ने कुछ मौजूदा विधायकों और मंत्रियों को दोबारा मौका नहीं दिया है। ऐसे में उम्मीदवारों के चयन को आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

लंबी सीट पर कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड़ियां का टिकट कटा
AAP की दूसरी सूची में सबसे ज्यादा चर्चा लंबी विधानसभा सीट को लेकर हो रही है। यहां से पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड़ियां को टिकट नहीं दिया गया है। उनकी जगह पार्टी ने उनके रिश्तेदार रणधीर सिंह धीरा खुड्डियां को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।इस फैसले ने लंबी विधानसभा सीट को चर्चा में ला दिया है। गुरमीत सिंह खुड़ियां मौजूदा सरकार में मंत्री हैं, ऐसे में उनका टिकट कटना पार्टी के उम्मीदवार चयन से जुड़ा बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है। अब इस सीट पर नए उम्मीदवार रणधीर सिंह धीरा खुड्डियां की चुनावी तैयारी पर सबकी नजर रहेगी।

खरड़ से अनमोल गगन मान को नहीं मिला दोबारा मौका
पार्टी ने खरड़ विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक और पूर्व मंत्री अनमोल गगन मान को भी टिकट नहीं दिया है। उनकी जगह परमिंदर सिंह गोल्डी को उम्मीदवार बनाया गया है। इस फैसले के बाद खरड़ सीट पर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हो सकती हैं।दूसरी सूची में टिकटों का यह बदलाव बताता है कि पार्टी ने कई सीटों पर नए चेहरों को मौका देने का फैसला किया है। हालांकि, टिकट कटने के पीछे पार्टी की आधिकारिक वजहों को लेकर सूची में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
मीत हेयर बरनाला और राजकुमार चब्बेवाल फगवाड़ा से लड़ेंगे चुनाव
AAP ने सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला विधानसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया है। मीत हेयर पहले भी बरनाला से विधायक रह चुके हैं। ऐसे में इस सीट पर उनकी उम्मीदवारी को पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है।वहीं, होशियारपुर से सांसद डॉ. राजकुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है। पार्टी ने पंजाब की अभिनेत्री सोनिया मान को भी चुनावी मैदान में उतारा है। उन्हें अमृतसर जिले की राजा सांसी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।

माझा, दोआबा और मालवा की सीटों पर उतारे प्रत्याशी
AAP की दूसरी सूची में पंजाब के अलग-अलग क्षेत्रों की सीटों को शामिल किया गया है। माझा क्षेत्र में सुजानपुर, पठानकोट, गुरदासपुर, दीना नगर, कादियां, फतेहगढ़ चूड़ियां, राजा सांसी, मजीठा और अमृतसर उत्तर जैसी सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए गए हैं।दोआबा क्षेत्र में भुलत्थ, कपूरथला, फगवाड़ा, फिल्लौर, शाहकोट, जालंधर सेंट्रल, जालंधर उत्तर, जालंधर कैंट, आदमपुर, मुकेरियां और नवांशहर जैसी सीटों पर प्रत्याशी उतारे गए हैं। वहीं, मालवा क्षेत्र में चमकौर साहिब, खरड़, दाखा, जगराओं, अबोहर, बल्लूआना, लंबी, बठिंडा ग्रामीण, बरनाला और शुतराना सहित कई सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं।
Read More : Dead Fish in Yamuna: दिल्ली में यमुना का पानी हुआ जहरीला? सोनिया विहार में मरी मिलीं हजारों मछलियां

