UP Election 2027 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने प्रदेशभर में छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने और नए वोटरों का पंजीकरण कराने के लिए एक महीने का विशेष अभियान तैयार किया है। इसे ‘मतदाता जोड़ो अभियान-2026’ नाम दिया गया है। इसके तहत बीजेपी का लक्ष्य बूथ स्तर तक पहुंचकर मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र लोगों के नाम दर्ज कराना है।
लखनऊ की कार्यशाला में योगी समेत बड़े नेता हुए शामिल
13 नवंबर को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में सभी जिलाध्यक्षों और संगठन पदाधिकारियों को अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई। पार्टी ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का काम केवल जिला स्तर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

योगी ने 1.27 करोड़ मतदाताओं का उठाया था मुद्दा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही पंचायत और विधानसभा मतदाता सूचियों के बीच अंतर का मुद्दा उठा चुके हैं। उन्होंने दावा किया था कि करीब 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम पंचायत की वोटर लिस्ट में हैं, लेकिन विधानसभा मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं। बीजेपी अब पंचायत मतदाता सूची, राशन कार्ड धारकों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सूची के माध्यम से ऐसे लोगों की पहचान करेगी।

प्रत्येक बूथ पर 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य
बीजेपी ने प्रदेश के सभी 1,73,730 मतदान केंद्रों पर कम से कम 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस हिसाब से पार्टी करीब 86 लाख 86 हजार 500 नए मतदाताओं को जोड़ने की तैयारी में है। पार्टी के साझा आंकड़े में यह लक्ष्य 86 लाख 86 हजार 600 बताया गया है। अभियान के जरिए पुराने मतदाताओं के छूटे नाम जुड़वाने के साथ नए युवाओं को भी मतदाता बनाने पर जोर रहेगा।
17 नवंबर से शुरू होगी SIR की प्रक्रिया
भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, उत्तर प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित होना प्रस्तावित है। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया चलेगी। बीजेपी इसी अवधि में अपने संगठनात्मक अभियान को व्यापक स्तर पर चलाएगी।

16 से 21 नवंबर तक जिला और विधानसभा स्तर पर बैठकें
पार्टी की योजना के अनुसार, 16, 17 और 18 नवंबर को जिला स्तरीय बैठकें आयोजित होंगी। इसके बाद 19, 20 और 21 नवंबर को विधानसभा स्तर पर बैठकें होंगी। इनमें सांसद, विधायक, एमएलसी, मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी शामिल होंगे। कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची के साथ फॉर्म-6 और फॉर्म-8 भरने की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी।
22 से 24 नवंबर तक घर-घर पहुंचेंगे बीजेपी कार्यकर्ता
बीजेपी 22, 23 और 24 नवंबर को विशेष मतदाता जोड़ो अभियान चलाएगी। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बूथ स्तर पर घर-घर संपर्क करेंगे। उनका मुख्य उद्देश्य उन पात्र लोगों की पहचान करना होगा, जिनके नाम विधानसभा मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं। 22 नवंबर को प्रत्येक पदाधिकारी को किसी न किसी बूथ पर पहुंचकर अभियान में भाग लेने का निर्देश दिया गया है।
इन आठ श्रेणियों के मतदाताओं पर रहेगा विशेष फोकस
बीजेपी की नजर आठ प्रमुख श्रेणियों पर रहेगी। इनमें 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा, शादी के बाद दूसरी जगह आई महिलाएं, पंचायत सूची में शामिल लेकिन विधानसभा सूची से छूटे मतदाता, सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, राशन कार्ड धारक और अस्थायी रूप से बाहर रहने वाले लोग शामिल हैं। इसके अलावा पंचायत सहायकों की मदद तथा कमल साथी ऐप के जरिए भी संभावित मतदाताओं की पहचान की जाएगी।
महिला मतदाताओं के लिए 28 से 30 नवंबर तक विशेष अभियान
28, 29 और 30 नवंबर को महिला मतदाता जोड़ो अभियान चलाया जाएगा। इसका संयोजन बीजेपी महिला मोर्चा करेगा। इसमें शादी के बाद ससुराल आई महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं, स्वयं सहायता समूहों और बीसी सखियों से भी सहयोग लिया जाएगा।
1 से 3 दिसंबर तक युवाओं को जोड़ने की तैयारी
युवा मतदाता जोड़ो अभियान 1, 2 और 3 दिसंबर को आयोजित होगा। युवा मोर्चा इसकी जिम्मेदारी संभालेगा। कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में कैंप लगाकर 18 से 25 वर्ष के युवाओं को मतदाता पंजीकरण के लिए जागरूक किया जाएगा। छात्रवृत्ति, टैबलेट और स्कूटी जैसी योजनाओं के लाभार्थी युवाओं तक भी पहुंचने की योजना है।
फॉर्म-6, 7 और 8 से जुड़ेगी पूरी प्रक्रिया
मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और व्यक्तिगत विवरण या पते में संशोधन के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जाता है। बीजेपी कार्यकर्ताओं को इन फॉर्मों की प्रक्रिया समझाने की तैयारी कर रही है, ताकि पात्र मतदाताओं को आवेदन करने में परेशानी न हो। पार्टी का पूरा जोर बूथ स्तर पर अधिकतम पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर है।

