Ambikapur News : सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में उत्पाती हाथी ‘कबरा कान’ को रेस्क्यू कर ट्रेंकुलाइज करने का अभियान दूसरे दिन शनिवार को भी जारी है। शुक्रवार को वन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने हाथी को पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया था, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद हाथी को ट्रेंकुलाइज नहीं किया जा सका। इसके बाद वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने रातभर उदयपुर में ही कैंप कर अभियान की रणनीति तैयार की। शनिवार सुबह हाथी की लोकेशन ट्रैक करने के लिए एलिफेंट ट्रैकर्स की मदद से दोबारा तलाश शुरू की गई है।
रातभर उदयपुर में डटे रहे वन विभाग के अधिकारी
कबरा कान हाथी को रेस्क्यू करने में पहले दिन सफलता नहीं मिलने के बाद वन विभाग ने अभियान को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। विभाग के वरिष्ठ अधिकारी रातभर उदयपुर में ही मौजूद रहे और हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी। शनिवार सुबह से ही एलिफेंट ट्रैकर्स की मदद से हाथी की लोकेशन तलाशने की कोशिश शुरू कर दी गई है, ताकि उसकी सटीक स्थिति का पता लगाकर रेस्क्यू अभियान को आगे बढ़ाया जा सके।

17 हाथियों के दल में शामिल होने की आशंका
रेस्क्यू अभियान के बीच कबरा कान हाथी के एक बड़े हाथियों के दल में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में मौजूद 17 हाथियों के दल के साथ उसके मिलने की आशंका है। यदि ऐसा होता है तो रेस्क्यू अभियान की चुनौती और बढ़ सकती है। वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों और दल की लोकेशन पर लगातार नजर रख रही है।

कुमकी हाथी और विशेषज्ञों की मदद से होगा रेस्क्यू
शनिवार को हाथी को ट्रेंकुलाइज करने के लिए वन विभाग की टीम एक बार फिर पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरी है। अभियान में कुमकी हाथी, विशेषज्ञ डॉक्टरों और वाइल्ड लाइफ टीम की मदद ली जाएगी। विशेषज्ञों की निगरानी में हाथी को सुरक्षित तरीके से ट्रेंकुलाइज कर रेस्क्यू करने की कोशिश की जाएगी। वन विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती हाथी की सही लोकेशन पता लगाने के साथ उसे बिना किसी नुकसान के सुरक्षित पकड़ना है।
हाथी की दहशत, 15 स्कूलों में छुट्टी
कबरा कान हाथी की संभावित आमद और उसकी गतिविधियों को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन कदम उठाए हैं। प्रभावित क्षेत्र के करीब 14 से 15 स्कूलों में शनिवार को छुट्टी कर दी गई है। इनमें सायर और कुदरबसवार इलाके के स्कूल शामिल हैं। हाथी की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों को भी सतर्क रहने और जंगल की ओर जाने से बचने की सलाह दी गई है।

फिलहाल वन विभाग की प्राथमिकता कबरा कान हाथी को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करना है। दूसरे दिन शुरू हुए इस अभियान पर आसपास के गांवों के लोगों की भी नजर बनी हुई है।

