Uttarakhand Bus Accident : उत्तराखंड में मंगलवार सुबह ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से बदरीनाथ जा रही यात्रियों से भरी बस गूलर बाजार के पास पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। इस दुर्घटना में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 20 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
बस में सवार थे 30 से 35 यात्री
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के गूलर के पास हुई। बताया जा रहा है कि बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। बस हरिद्वार से बदरीनाथ की ओर जा रही थी। इसी दौरान गूलर बाजार के पास वाहन अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गदेरे में जा गिरा। हादसे की गंभीरता को देखते हुए बचाव दलों ने तेजी से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। खाई की गहराई और दुर्गम परिस्थितियों के बीच यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया।

सात शव घटनास्थल से निकाले गए, आठवीं मौत एम्स में
एसडीआरएफ की टीम ने अभियान चलाकर अब तक करीब 20 घायलों को बाहर निकाला है। इनमें से अधिकांश यात्रियों की पहचान सामने आ चुकी है। बचाव दल ने घटनास्थल से सात मृतकों के शव बरामद किए हैं। वहीं, एक अन्य यात्री ने एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया जा रहा है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

घायलों की पहचान सामने आई
हादसे में घायल यात्रियों की पहचान अलग-अलग राज्यों और उत्तराखंड के जिलों के निवासियों के रूप में हुई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, घायलों में मोहम्मद वहाब अंसारी (22), राहुल कुमार (24), अभिषेक (28), प्रत्यूष (23), अर्जुन सौरन (34), बुधन मुर्मू (50), आयरा (3), नूर जहां (26), राजकुमार (32), जतिन (21), पंकज नेगी (31), संतोष कुमार (38) और वीरेंद्र सिंह (58) शामिल हैं। इन यात्रियों के पते क्रमशः झारखंड के दुमका, बिहार के पटना और जहानाबाद, उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर, रुद्रप्रयाग और चमोली, असम के गुवाहाटी तथा दिल्ली के शाहदरा से जुड़े बताए गए हैं।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर तैनात
डायल 112 के जरिए हादसे की सूचना मिलते ही थाना मुनिकीरेती, चौकी गूलर, शिवपुरी और ब्यासी सहित आसपास की पुलिस चौकियों से जवान घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी और ढालवाला की टीमें भी बचाव अभियान में जुट गईं। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर अतिरिक्त बचाव दल भी मौके के लिए रवाना किए गए।

बाकी यात्रियों को निकालने का अभियान जारी
घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर और थाना प्रभारी मुनिकीरेती सहित पुलिस अधिकारी मौजूद हैं। पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य कर रही हैं। बस में सवार बाकी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अभियान जारी है। हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। इस दुर्घटना ने ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
Read More : Kandara Road Accident: उत्तराखंड में बारातियों की मैक्स खाई में गिरी, चार की मौत, छह घायल

