यशस्वी जायसवाल को लेकर भी हो रही है चर्चा
आईपीएल 2027 के रिटेंशन से पहले राजस्थान रॉयल्स के सामने सबसे बड़ा सवाल यशस्वी जायसवाल के फ्यूचर को लेकर है। ऐसी चर्चाएं हैं कि जायसवाल कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) या लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) में जा सकता है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि राजस्थान उन्हें अपनी टीम में बनाए रखता है या किसी दूसरी फ्रेंचाइजी के साथ ट्रेड करता है।
IPL 2027 Retention LIVE : आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले मंगलवार, 17 नवंबर को सभी 10 फ्रेंचाइजी को अपने रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की सूची भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को सौंपनी है। रिटेंशन की समयसीमा आज समाप्त हो रही है। इसके बाद यह साफ हो जाएगा कि कौन-सी टीम अपने पुराने खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रख रही है और किन खिलाड़ियों को रिलीज करने का फैसला लिया गया है।हालांकि, रिटेंशन की अंतिम तारीख खत्म होने के बाद भी खिलाड़ियों की अदला-बदली यानी ट्रेड विंडो खुली रहेगी। रिपोर्ट के मुताबिक, मिनी ऑक्शन से लगभग एक सप्ताह पहले तक खिलाड़ी एक टीम से दूसरी टीम में जा सकेंगे। ऐसे में आने वाले दिनों में भी बड़े ट्रेड देखने को मिल सकते हैं।


16 दिसंबर को गोवा में होगा IPL 2027 का मिनी ऑक्शन
आईपीएल 2027 के लिए मिनी ऑक्शन का आयोजन 16 दिसंबर को गोवा में प्रस्तावित है। इससे पहले सभी फ्रेंचाइजी को अपने खिलाड़ियों की अंतिम सूची तैयार करनी है। रिटेंशन लिस्ट सामने आने के बाद टीमों के पास उपलब्ध बजट और खाली स्लॉट की स्थिति भी स्पष्ट होगी। इसी आधार पर टीमें ऑक्शन में अपनी जरूरत के खिलाड़ियों पर बोली लगा सकेंगी।
ऋषभ पंत और कुलदीप यादव की टीमों में हुआ बदलाव
आईपीएल 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच बड़ी ट्रेड डील की खबर सामने आई। इसके तहत ऋषभ पंत लखनऊ सुपर जायंट्स से दिल्ली कैपिटल्स में लौट आए, जबकि दिल्ली के स्पिनर कुलदीप यादव लखनऊ की टीम से जुड़ गए। इस डील में पंत की सैलरी 27 करोड़ रुपये से घटकर 15 करोड़ रुपये बताई गई है। वहीं, कुलदीप यादव की फीस 13.5 करोड़ रुपये ही रखी गई है।

हार्दिक पांड्या पंजाब और अर्शदीप सिंह मुंबई पहुंचे
रिटेंशन से ठीक पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच भी बड़ी ट्रेड डील की जानकारी सामने आई है। इसके मुताबिक, हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस छोड़कर पंजाब किंग्स में शामिल हो गए हैं। वहीं, पंजाब के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस का हिस्सा बन गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब ने हार्दिक को 16.35 करोड़ रुपये के बजाय 18 करोड़ रुपये की फीस पर अपने साथ जोड़ा है। अर्शदीप की सैलरी भी 18 करोड़ रुपये बताई गई है।
शमी, सैम करन और रोहित शर्मा को लेकर भी चर्चा
मोहम्मद शमी को लेकर लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच ट्रेड की खबरें सामने आई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शमी राजस्थान जा सकते हैं और उनके बदले इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन लखनऊ की टीम में आ सकते हैं। हालांकि, इस बदलाव की आधिकारिक पुष्टि जरूरी है।वहीं, हार्दिक पांड्या के पंजाब जाने के बाद मुंबई इंडियंस की कप्तानी को लेकर भी चर्चा तेज है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि रोहित शर्मा को आईपीएल 2027 में फिर से टीम की कप्तानी सौंपी जा सकती है।
टी नटराजन और जीशान अंसारी की भी हुई अदला-बदली
दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच हुई ट्रेड के तहत टी नटराजन हैदराबाद पहुंच गए हैं, जबकि जीशान अंसारी दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, नटराजन की सैलरी 10.75 करोड़ रुपये से घटकर 5 करोड़ रुपये हो गई है। जीशान अंसारी की पुरानी फीस में बदलाव नहीं हुआ है।
चेन्नई और हैदराबाद के बीच चार खिलाड़ियों की डील
चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच भी चार खिलाड़ियों की अदला-बदली की जानकारी दी गई है। इसके तहत लियम लिविंगस्टोन 6 करोड़ और जैक एडवर्ड्स 3 करोड़ रुपये में हैदराबाद से चेन्नई पहुंचे हैं। दूसरी ओर, खलील अहमद 4.8 करोड़ और नैथन एलिस 2 करोड़ रुपये में चेन्नई से हैदराबाद गए हैं।
धोनी के रिटेंशन और रोहित की भूमिका पर रहेंगी निगाहें
रिटेंशन के दिन चेन्नई सुपर किंग्स के प्रशंसकों की सबसे बड़ी उत्सुकता एमएस धोनी को लेकर है। फैंस जानना चाहते हैं कि क्या धोनी एक बार फिर पीली जर्सी में खेलते नजर आएंगे और क्या उनका नाम टीम की रिटेंशन सूची में होगा। अब सभी की नजरें फ्रेंचाइजी की आधिकारिक घोषणाओं पर टिकी हैं।

