Asia Cup Rising Stars 2026 : एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में इंडिया-ए टीम ने अपने अभियान की शुरुआत बेहद शानदार अंदाज में की है। दोहा में खेले गए मुकाबले में कप्तान तिलक वर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने नेपाल को 306 रन के विशाल अंतर से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारतीय खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में अपनी ताकत का शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 332 रन बनाए। इसके जवाब में नेपाल की पूरी टीम महज 26 रन पर सिमट गई।
तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने जड़े शानदार शतक
भारतीय पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने महज 42 रन के स्कोर पर अपने तीन महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा छठे ओवर की पहली गेंद पर नंदन यादव का शिकार बने। इसके बाद आयुष बदोनी केवल 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वह राजबंशी की गेंद पर स्टंप आउट हुए। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी 32 गेंद में 26 रन बनाकर पवन सर्राफ की गेंद पर बोल्ड हो गए।

200 रन की साझेदारी से भारत की शानदार वापसी
तीन विकेट जल्दी गिरने के बाद कप्तान तिलक वर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने जिम्मेदारी संभाली। दोनों बल्लेबाजों ने धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते हुए चौथे विकेट के लिए 200 रन की शानदार साझेदारी की। कुमार कुशाग्र ने 93 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौके और 4 छक्के लगाए तथा अपना तीसरा लिस्ट-ए शतक पूरा किया। वह 117 रन बनाकर ललित राजबंशी की गेंद पर बोल्ड हुए। उनकी पारी ने भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

तिलक वर्मा ने भी शतक लगाकर संभाला मोर्चा
कुमार कुशाग्र के आउट होने के बाद भी तिलक वर्मा ने अपना आक्रामक अंदाज जारी रखा। उनका साथ देने उपकप्तान रिंकू सिंह मैदान पर उतरे। दोनों ने टीम का स्कोर 283 रन तक पहुंचाया। इसी दौरान तिलक ने 107 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्के की मदद से अपने लिस्ट-ए करियर का सातवां शतक पूरा किया। वह 107 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सूर्यांश शेडगे ने पारी को संभाला और अंत तक नाबाद रहे। भारत ने 50 ओवर में 332 रन बनाए।
नेपाल के गेंदबाजों ने चटकाए इतने विकेट
नेपाल की ओर से ललित राजबंशी और संदीप लामिछाने ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। नंदन यादव को दो विकेट मिले, जबकि पवन सर्राफ ने एक बल्लेबाज को पवेलियन भेजा। हालांकि भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार वापसी करते हुए नेपाल के सामने 333 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।

प्रिंस यादव और हर्षित राणा की गेंदबाजी से नेपाल पस्त
333 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की टीम भारतीय तेज गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई। प्रिंस यादव और हर्षित राणा ने शुरुआत से ही विकेटों की झड़ी लगा दी। नेपाल ने पारी की तीसरी गेंद पर पहला विकेट गंवाया। इसके बाद दसवीं, बारहवीं और चौदहवीं गेंद पर भी विकेट गिर गए। शुरुआती चार विकेटों में तीन बल्लेबाज अपना खाता तक नहीं खोल सके।
26 रन पर सिमटी नेपाल की पूरी टीम
नेपाल की टीम 17 रन पर पांच विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद भी भारतीय गेंदबाजों का कहर जारी रहा और अंतिम पांच विकेट केवल 9 रन जोड़कर गिर गए। पूरी नेपाली टीम 11.3 ओवर में 26 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। नेपाल के लिए पवन शर्राफ और राशिद खान ने सर्वाधिक 6-6 रन बनाए।
प्रिंस यादव ने पांच विकेट लेकर मचाया तहलका
भारत की ओर से प्रिंस यादव ने 5 ओवर में केवल 6 रन देकर पांच विकेट चटकाए। हर्षित राणा ने 16 रन देकर चार विकेट हासिल किए, जबकि शाहबाज अहमद ने एक विकेट लिया। इस तरह भारत ने 306 रन की ऐतिहासिक जीत दर्ज कर एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी।

