Aizawl Traffic Rules : महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन और जाने-माने उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने मिजोरम की राजधानी आइजोल के ट्रैफिक अनुशासन की जमकर सराहना की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो साझा करते हुए शहर की शांत सड़कों और नागरिकों के नियम पालन की तारीफ की। महिंद्रा के मुताबिक, आइजोल में लोग बिना वजह हॉर्न नहीं बजाते और लेन अनुशासन का पालन करते हैं। यही वजह है कि वाहनों की संख्या अधिक होने के बावजूद शहर का माहौल शांत बना रहता है।
एक्स पर पोस्ट साझा कर कही ये बात
आनंद महिंद्रा ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से यह वीडियो साझा किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि व्यस्त महानगरों में शांति अब एक दुर्लभ विलासिता बनती जा रही है। ऐसे समय में आइजोल का ट्रैफिक व्यवहार एक अलग तस्वीर पेश करता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क पर काफी वाहन मौजूद हैं, लेकिन चालक अनावश्यक रूप से हॉर्न नहीं बजा रहे हैं। लोग अपनी बारी का इंतजार करते हैं और यातायात के नियमों का पालन करते दिखाई देते हैं।

2017 से लागू है नो-हॉर्निंग पॉलिसी
आइजोल में वर्ष 2017 से नो-हॉर्निंग पॉलिसी लागू है। इस व्यवस्था का उद्देश्य अनावश्यक हॉर्न बजाने से होने वाले ध्वनि प्रदूषण को कम करना है। यहां वाहन चालक सामान्य परिस्थितियों में हॉर्न का इस्तेमाल करने से बचते हैं। ट्रैफिक का दबाव होने पर भी लोग धैर्य बनाए रखते हैं और स्टॉप लाइन तथा लेन के नियमों का सम्मान करते हैं।वीडियो में एक महिला भी शहर के इस अनोखे व्यवहार को दिखाती नजर आती है। वह बताती है कि सड़क पर काफी गाड़ियां होने के बावजूद चारों ओर शांति है। उसके मुताबिक, इसकी सबसे बड़ी वजह लोगों का धैर्य और नियमों के प्रति सम्मान है।

सोशल मीडिया पर यूजर्स ने भी की तारीफ
आनंद महिंद्रा की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर आइजोल के ट्रैफिक सिस्टम की चर्चा शुरू हो गई। कई यूजर्स ने दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां लगातार बजने वाले हॉर्न से लोगों को काफी परेशानी होती है। दूसरी ओर, आइजोल में नागरिकों का अनुशासन सड़क पर शांति बनाए रखने में मदद करता है।ध्वनि प्रदूषण का असर केवल आसपास के वातावरण तक सीमित नहीं रहता। लगातार तेज आवाज सुनने से तनाव, नींद में परेशानी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ सकती हैं। ऐसे में आइजोल का उदाहरण दूसरे शहरों के लिए भी प्रेरणादायक माना जा रहा है।
मिजो संस्कृति से जुड़ा है नागरिक अनुशासन
आइजोल में ट्रैफिक अनुशासन के पीछे स्थानीय संस्कृति की भूमिका भी महत्वपूर्ण बताई जाती है। मिजो समाज में ‘ट्लावमंगाइहना’ की अवधारणा दूसरों की मदद करने, उनका ख्याल रखने और किसी को अनावश्यक परेशानी न पहुंचाने पर जोर देती है। इसी सोच के चलते अनावश्यक हॉर्न बजाने को अच्छा व्यवहार नहीं माना जाता।

I’ve posted before about the remarkable traffic discipline of the people of Aizawl, their respect for lane etiquette and the city’s no-honking policy introduced in 2017.
Today, I find myself reflecting on the outcome of that collective discipline, which this lady speaks of with… pic.twitter.com/POmV0jYytM
— anand mahindra (@anandmahindra) November 22, 2026
पहाड़ी शहर होने के बावजूद सुचारू यातायात
आइजोल पहाड़ी इलाके में बसा हुआ शहर है, जहां कई सड़कें संकरी हैं। इसके बावजूद यहां वाहन चालक एक-दूसरे के लिए जगह बनाने और यातायात नियमों का पालन करने की कोशिश करते हैं। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के बीच अनुशासन तथा ओवरटेक करने की जल्दबाजी से बचना भी ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद करता है। पुलिस की भूमिका के साथ नागरिकों की जिम्मेदारी भी इस व्यवस्था का अहम हिस्सा है।
महानगरों के लिए क्या है आइजोल का संदेश?
आनंद महिंद्रा की पोस्ट ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि क्या देश के दूसरे शहर भी ऐसी ट्रैफिक संस्कृति अपना सकते हैं? केवल चालान और सख्त नियमों से सड़कें शांत नहीं हो सकतीं। इसके लिए नागरिकों में धैर्य, जिम्मेदारी और दूसरों के प्रति सम्मान की भावना भी जरूरी है। आइजोल का उदाहरण बताता है कि छोटी-छोटी आदतें शहर के माहौल में बड़ा बदलाव ला सकती हैं।गौरतलब है कि आनंद महिंद्रा इससे पहले भी सोशल मीडिया पर अनोखी प्रतिभाओं और वायरल वीडियो की सराहना करते रहे हैं। हाल ही में उन्होंने एक शिक्षक के एक सांस में लंबा बैग फुलाने वाले वीडियो की तारीफ की थी, जो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा था।

