West Bengal Berojgari Bhatta : पश्चिम बंगाल की राजनीति और युवाओं से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। राज्य की मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार ने बेरोजगार युवाओं के लिए आर्थिक सहायता योजना शुरू करने का ऐलान किया है। इस योजना का नाम ‘भोरशा कर्मसूची’ रखा गया है। इसके तहत राज्य के पात्र बेरोजगार युवाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार के मुताबिक, जनवरी से बेरोजगार स्नातकों और सरकारी व्यावसायिक संस्थानों तथा आईटीआई से डिप्लोमा प्राप्त युवाओं को 2,000 रुपये मासिक भत्ता देने की व्यवस्था की जाएगी।
गैर-स्नातक युवाओं को हर महीने मिलेंगे 1,500 रुपये
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि योजना के तहत केवल स्नातक युवाओं को ही नहीं, बल्कि बेरोजगार गैर-स्नातकों को भी आर्थिक मदद दी जाएगी। ऐसे पात्र युवाओं को हर महीने 1,500 रुपये दिए जाएंगे। वहीं, स्नातक और निर्धारित तकनीकी योग्यता रखने वाले युवाओं को 2,000 रुपये मिलेंगे।

सरकार ने भविष्य में इस सहायता राशि को बढ़ाने का भी वादा किया है। भाजपा के चुनावी घोषणापत्र के अनुसार, वित्त वर्ष 2028-29 से गैर-स्नातकों का भत्ता बढ़ाकर 2,000 रुपये और स्नातकों का भत्ता बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रतिमाह किया जाएगा।

21 से 45 वर्ष के युवा कर सकेंगे आवेदन
इस योजना का लाभ लेने के लिए उम्र संबंधी शर्त भी निर्धारित की गई है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, पात्र आवेदकों की आयु 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। योजना का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को नौकरी मिलने तक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।
यह योजना पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार की ‘युवसाथी’ योजना की जगह लागू की जा रही है। इसके माध्यम से नई सरकार बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहयोग देने की अपनी चुनावी घोषणा को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

54 लाख लाभार्थियों का सत्यापन 31 दिसंबर तक
कैबिनेट बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि सरकार ने कई नई योजनाएं शुरू की हैं और पिछली सरकार की लंबित देनदारियों का भुगतान भी किया है। ऐसे में युवाओं से कुछ समय धैर्य रखने की अपील की गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार अपने वादे पूरे करेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछली सरकार की योजना के तहत पहले से पंजीकृत 54 लाख लाभार्थियों के दस्तावेजों और पात्रता का सत्यापन 31 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। जिन युवाओं ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे ‘अपना सरकार अपना पाशे’ कार्यक्रम के माध्यम से आवेदन जमा कर सकते हैं। इन आवेदनों को आगे की प्रक्रिया के लिए युवा कल्याण विभाग भेजा जाएगा।
बैंक खाते में सीधे पहुंचेगी सहायता राशि
सरकार की योजना के अनुसार, बेरोजगारी भत्ते की रकम हर महीने दूसरे सप्ताह में सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी। वहीं, फरवरी में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर योजना को औपचारिक रूप से लॉन्च किया जाएगा।
एक परिवार के अधिकतम दो लोगों को मिलेगा लाभ
योजना में परिवार के लिए भी सीमा निर्धारित की गई है। एक परिवार से अधिकतम दो सदस्य ही इस बेरोजगारी भत्ते का लाभ उठा सकेंगे। इसके अलावा, जो लोग ‘अन्नपूर्णा योजना’ के तहत पहले से 3,000 रुपये मासिक सहायता प्राप्त कर रहे हैं, वे इस योजना के पात्र नहीं होंगे। इसलिए आवेदन करने से पहले युवाओं को सभी पात्रता शर्तों की जानकारी लेना जरूरी होगा।

