IOA President Election 2026 : भारतीय खेल जगत से एक बड़ी खबर सामने आई है। महान धाविका पीटी उषा ने इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) के अध्यक्ष पद पर दूसरा कार्यकाल नहीं लेने का फैसला किया है। उन्होंने मंगलवार शाम 4:30 बजे तक निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना नामांकन दाखिल नहीं किया। उनके इस फैसले के बाद भारतीय ओलंपिक संघ की अगली कमान किसके हाथ में होगी, इसे लेकर मुकाबला दिलचस्प हो गया है। दिसंबर 2022 में अध्यक्ष बनीं पीटी उषा का कार्यकाल अब समाप्त होने जा रहा है। वह IOA की अध्यक्ष बनने वाली देश की पहली महिला थीं।
गगन नारंग समेत तीन उम्मीदवारों ने ठोकी दावेदारी
IOA के अगले अध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। इनमें ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग, आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया (AAI) के महासचिव वीरेंद्र सचदेवा और IOA के पूर्व महासचिव राजीव मेहता शामिल हैं। तीनों उम्मीदवारों के बीच अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला होगा। नए अध्यक्ष का चुनाव 5 दिसंबर को होना है। इस चुनाव के साथ ही भारतीय ओलंपिक संघ को करीब चार साल बाद नया नेतृत्व मिलेगा।

आखिरी दिन गगन नारंग ने दाखिल किया नामांकन
पूर्व भारतीय निशानेबाज और ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग ने नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख पर अपना पर्चा भरा। उन्होंने 2012 के लंदन ओलंपिक में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। उनके नामांकन का प्रस्ताव ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) के अध्यक्ष कल्याण चौबे ने रखा, जबकि IOA के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय पटेल ने इसका समर्थन किया। वहीं, वीरेंद्र सचदेवा ने भी मंगलवार को अपना नामांकन जमा किया। राजीव मेहता ने एक दिन पहले ही अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी पेश कर दी थी।

राजीव मेहता का IOA में रहा है लंबा अनुभव
राजीव मेहता वर्ष 2014 से 2022 तक इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव रह चुके हैं। फिलहाल वह फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव के साथ-साथ फेंसिंग कन्फेडरेशन ऑफ एशिया में भी इसी जिम्मेदारी पर हैं। उनके पास भारतीय खेल प्रशासन का लंबा अनुभव है। दूसरी ओर, पूर्व टेबल टेनिस खिलाड़ी कमलेश मेहता ने कोषाध्यक्ष पद के लिए अकेले नामांकन दाखिल किया है। नामांकन पत्रों की जांच में सब कुछ सही पाए जाने पर उनका निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है।
विजेंदर सिंह और अंजू बॉबी जॉर्ज भी अहम पदों की दौड़ में
चुनाव में कई चर्चित खिलाड़ियों और खेल प्रशासकों ने अलग-अलग पदों के लिए दावेदारी की है। पीटी उषा ने नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के वागीश पाठक को वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित किया है। वहीं, ओलंपिक कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज विजेंदर सिंह उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवारों में शामिल हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए अजय पटेल और स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की मोना मनीष शाह भी मैदान में हैं।महिला उपाध्यक्ष पद के लिए दिग्गज लंबी कूद खिलाड़ी अंजू बॉबी जॉर्ज समेत तीन उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। उनके मुकाबले में वुशु एसोसिएशन ऑफ इंडिया की भवनीत हांडू और नेटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया की सुमन कौशिक हैं।

संयुक्त सचिव और कार्यकारी परिषद के पदों पर भी मुकाबला
पुरुष संयुक्त सचिव पद के लिए आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा और IHAI के महासचिव हरजिंदर सिंह आमने-सामने होंगे। महिला संयुक्त सचिव पद के लिए बॉलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की सुनैना कुमारी और आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया की पूर्णिमा महतो ने नामांकन किया है।कार्यकारी परिषद के पदों के लिए भी कई बड़े नाम मैदान में हैं। इनमें आरएन जयप्रकाश, प्रशांत कुशवाहा, भूपेंद्र सिंह बाजवा, डोला बनर्जी, रानी रामपाल और योगेश्वर दत्त शामिल हैं। छह कार्यकारी परिषद सदस्यों में से दो पदों पर पुरुष और महिला प्रतिनिधियों का चयन आठ एसओएम प्रतिनिधियों के बीच चुनाव से होगा।
साइना नेहवाल ने नहीं दाखिल किया नामांकन
एसओएम के चुने गए आठ प्रतिनिधियों में गगन नारंग, विजेंदर सिंह, कमलेश मेहता, अंजू बॉबी जॉर्ज, रानी रामपाल, डोला बनर्जी, योगेश्वर दत्त और साइना नेहवाल शामिल हैं। इससे पहले चर्चा थी कि पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल IOA के किसी पद के लिए चुनाव लड़ सकती हैं। हालांकि, उन्होंने अपना नामांकन दाखिल नहीं किया। अब सभी की निगाहें 5 दिसंबर को होने वाले चुनाव पर टिकी हैं, जहां भारतीय ओलंपिक संघ के नए अध्यक्ष और पदाधिकारियों का फैसला होगा।
Read More : Pakistan First Astronaut: जीशान अली चीन के अंतरिक्ष स्टेशन पर कितने दिन रहेंगे, जानिए पूरी जानकारी

