UP University Recruitment 2026 : उत्तर प्रदेश में विश्वविद्यालय स्तर पर शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रयागराज स्थित प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय ने विभिन्न विभागों में संविदा आधार पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती अभियान में कुल 187 पद शामिल हैं। इनमें 186 शिक्षण पद और एक सहायक निदेशक का पद है। असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के पदों के लिए योग्य उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया 24 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है।
किस पद के लिए कितनी वैकेंसी?
विश्वविद्यालय की अधिसूचना के अनुसार, सबसे अधिक 130 पद असिस्टेंट प्रोफेसर के हैं। इसके अलावा 34 पद एसोसिएट प्रोफेसर और 22 पद प्रोफेसर के लिए निर्धारित किए गए हैं। प्रो. राजेंद्र सिंह शोधपीठ में सहायक निदेशक का एक पद भी भरा जाएगा। इस तरह कुल पदों की संख्या 187 हो जाती है।

शिक्षा विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के सबसे ज्यादा पद
असिस्टेंट प्रोफेसर की विभागवार रिक्तियों में शिक्षा विभाग सबसे आगे है। यहां 24 पदों पर नियुक्ति होगी। विधि विभाग में 10, फार्मेसी और शारीरिक शिक्षा में नौ-नौ पद हैं। गणित, जंतु विज्ञान, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान और कंप्यूटर साइंस में चार-चार पद उपलब्ध हैं। इसके अलावा अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, भूगोल, दर्शनशास्त्र, प्रबंधन अध्ययन, योग, समाजशास्त्र, हिंदी, संस्कृत और अन्य विषयों में भी नियुक्तियां की जाएंगी।

असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए जरूरी योग्यता
सामान्य विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने के लिए संबंधित या समकक्ष विषय में कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ मास्टर डिग्री होना जरूरी है। इसके साथ UGC NET, CSIR NET या UGC से मान्यता प्राप्त SLET/SET परीक्षा उत्तीर्ण होनी चाहिए। निर्धारित UGC नियमों के अनुसार पात्र पीएचडी धारकों को NET से छूट मिल सकती है। आरक्षित वर्ग और दिव्यांग उम्मीदवारों को नियमानुसार अंकों में छूट भी दी जाएगी।
शिक्षा, फार्मेसी और कंप्यूटर साइंस के पदों के लिए अलग-अलग नियामक संस्थाओं के नियम लागू होंगे। शिक्षा से जुड़े कुछ पदों पर B.Ed या M.Ed की योग्यता जरूरी है, जबकि फार्मेसी के लिए Pharmacy Council of India के निर्धारित मानक लागू होंगे।

एसोसिएट और प्रोफेसर पदों की पात्रता
एसोसिएट प्रोफेसर के लिए संबंधित विषय में पीएचडी, मास्टर डिग्री में कम से कम 55 प्रतिशत अंक और आठ साल का शिक्षण या शोध अनुभव मांगा गया है। इसके साथ कम से कम सात शोध प्रकाशन और निर्धारित रिसर्च स्कोर भी जरूरी है। प्रोफेसर पद के लिए पीएचडी, कम से कम दस साल का शिक्षण या शोध अनुभव, दस शोध प्रकाशन और निर्धारित रिसर्च स्कोर की शर्त है। विषय के अनुसार विस्तृत योग्यता आधिकारिक नोटिफिकेशन में देखना जरूरी है।
हर महीने मिलेगी इतनी फिक्स्ड सैलरी
चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार निश्चित मासिक मानदेय दिया जाएगा। प्रोफेसर को एक लाख रुपये, एसोसिएट प्रोफेसर को 80 हजार रुपये और असिस्टेंट प्रोफेसर को 57,700 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। सहायक निदेशक पद के लिए भी 57,700 रुपये मासिक मानदेय निर्धारित है।
लिखित परीक्षा और इंटरव्यू से होगा चयन
असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए 40 अंकों की विषय आधारित वस्तुनिष्ठ लिखित परीक्षा होगी। इसके साथ शैक्षणिक और शोध उपलब्धियों के आधार पर 100 अंकों का स्कोर तैयार किया जाएगा। संयुक्त मेरिट के आधार पर उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसके बाद 20 अंकों का शिक्षण कौशल मूल्यांकन और 10 अंकों का इंटरव्यू होगा। एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर पदों के लिए शॉर्टलिस्टिंग के बाद इंटरव्यू की प्रक्रिया होगी।
आवेदन कैसे करें और कितनी है फीस?
आवेदन के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट prsuniv.ac.in पर जाएं। होमपेज पर Teaching Positions Recruitment 2026 का लिंक खोलें। ईमेल और मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करके लॉगिन करें। इसके बाद व्यक्तिगत, शैक्षणिक और अनुभव संबंधी जानकारी भरें। जरूरी दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड कर ऑनलाइन फीस जमा करें। आवेदन पूरा होने पर फॉर्म डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें।सामान्य, ओबीसी और EWS वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 1,500 रुपये है, जबकि SC/ST उम्मीदवारों को 1,000 रुपये देने होंगे। प्रत्येक पद के लिए अलग आवेदन और शुल्क जमा करना होगा। आवेदन की हार्ड कॉपी विश्वविद्यालय भेजने की जरूरत नहीं है।
6 दिसंबर है आवेदन की अंतिम तारीख
ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तारीख 6 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति शुरुआती तौर पर एक साल के संविदा कार्यकाल के लिए होगी। संतोषजनक प्रदर्शन और विश्वविद्यालय की मंजूरी मिलने पर अनुबंध को एक-एक साल बढ़ाया जा सकता है। इसकी अधिकतम अवधि पांच साल होगी। उम्मीदवार आवेदन से पहले आधिकारिक विज्ञापन में अपने विषय और पद की पात्रता जरूर जांच लें।
Read More : IPL 2027 Auction: नीलामी में 12 बांग्लादेशी खिलाड़ियों की एंट्री, मुस्तफिजुर और शाकिब का नाम नहीं

