Chhattisgarh Weather Update : छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान का प्रभाव खत्म होने और आसमान साफ होने के बाद मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में ठंड की वापसी हो गई है, जबकि दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में रात का तापमान बढ़ने लगा है। वहीं, मध्य छत्तीसगढ़ में रात के समय ठिठुरन महसूस की जा रही है। मौसम के इस बदलाव के बीच अलग-अलग शहरों के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है।
अंबिकापुर में 7.8 डिग्री तक गिरा न्यूनतम तापमान
पिछले तीन दिनों के दौरान अंबिकापुर के न्यूनतम तापमान में 7.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इसी अवधि में पेंड्रारोड का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री और बिलासपुर का पारा 3.5 डिग्री नीचे आया है। इसके विपरीत जगदलपुर में रात का तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया है। अब अंबिकापुर और जगदलपुर के न्यूनतम तापमान के बीच 8.7 डिग्री का अंतर हो गया है।

अगले पांच दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क बना रहा। अंबिकापुर, पेंड्रारोड और दुर्ग में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। फिलहाल प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाला कोई सक्रिय मौसमी तंत्र मौजूद नहीं है। ऐसे में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

दुर्ग में सबसे ज्यादा गर्मी, अंबिकापुर रहा सबसे ठंडा
बुधवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान के मामले में दुर्ग सबसे गर्म रहा। यहां दिन का पारा 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर, सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।अन्य शहरों में दिन का तापमान इस प्रकार रहा। अंबिकापुर में 25.3 डिग्री, पेंड्रारोड में 25.8 डिग्री, बिलासपुर में 28.3 डिग्री, जगदलपुर में 30.3 डिग्री और राजनांदगांव में 29 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
चक्रवाती तूफान का असर खत्म होते ही अंबिकापुर में लौटी ठंड
चक्रवाती तूफान के प्रभाव से पहले 19 नवंबर को अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद तूफान के प्रभाव से अगले तीन दिनों में रात का तापमान बढ़कर 19.2 डिग्री तक पहुंच गया। अब मौसम प्रणाली का असर खत्म होने के बाद तापमान में दोबारा तेज गिरावट देखने को मिल रही है।इसके उलट जगदलपुर में रात का तापमान लगातार बढ़ा है। 22 नवंबर को यहां न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री था, जो बुधवार को बढ़कर 20.1 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह सामान्य से करीब 6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है।

रायपुर में रात का तापमान सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा
राजधानी रायपुर में भी दिन और रात के तापमान में अंतर देखने को मिला। बुधवार को यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन का तापमान सामान्य से 0.1 डिग्री कम रहा, जबकि रात का पारा सामान्य से 3 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया।माना एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राजधानी में सुबह हवा की नमी 77 प्रतिशत थी, जो शाम तक घटकर 61 प्रतिशत रह गई।
रायपुर में गुरुवार को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार को रायपुर का आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई बड़ी संभावना नहीं है। उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड का असर बना रह सकता है, जबकि दक्षिणी इलाकों में रात के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
Read More : Aaj Ka Mausam 26 November 2026: कहीं घना कोहरा तो कहीं भारी बारिश, IMD ने जारी की चेतावनी

