Delimitation Bill : केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने परिसीमन यानी डिलिमिटेशन बिल को संसद से पारित कराने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसको लेकर लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें बुलाई गई हैं। तय कार्यक्रम के मुताबिक, 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक होगी। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सरकार इसी दौरान परिसीमन विधेयक पेश कर सकती है। इस बीच बिल को लेकर एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने अपने रुख में नरमी के संकेत दिए हैं। पार्टी का कहना है कि यदि नया विधेयक उसकी मांगों और विचारों के अनुकूल हुआ, तो वह इसका समर्थन कर सकती है।
एमके स्टालिन ने समर्थन के लिए रखीं दो अहम शर्तें
DMK प्रमुख एमके स्टालिन ने परिसीमन को लेकर अपनी पार्टी की स्थिति स्पष्ट करते हुए दो महत्वपूर्ण शर्तें सामने रखी हैं। पहली शर्त के मुताबिक, यदि लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या बढ़ाई जाती है, तो किसी भी परिस्थिति में तमिलनाडु की हिस्सेदारी मौजूदा 7.18 प्रतिशत से कम नहीं होनी चाहिए।दूसरी शर्त में स्टालिन ने मांग की है कि 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व का जो अनुपात निर्धारित किया गया था और जिसे बाद में स्थिर कर दिया गया था, उसे अगले 25 वर्षों तक बरकरार रखा जाए। DMK का मानना है कि परिसीमन की प्रक्रिया में दक्षिण भारतीय राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और उनके हितों की सुरक्षा जरूरी है।

DMK नेता टीकेएस इलांगोवन ने क्या कहा?
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, DMK नेता टीकेएस इलांगोवन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनकी पार्टी ने परिसीमन विधेयक के पिछले मसौदे का विरोध किया था। इसकी मुख्य वजह राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व के असंतुलन को लेकर चिंता थी।उन्होंने स्पष्ट किया कि संशोधित विधेयक संसद में पेश होने के बाद पार्टी उसका अध्ययन करेगी। यदि नए प्रस्ताव में DMK के विचारों और मांगों को जगह मिलती है, तो पार्टी इसे स्वीकार करने पर विचार कर सकती है। इससे पहले जगन मोहन रेड्डी की पार्टी YSRCP भी क्षेत्रीय संतुलन की शर्त पर विधेयक का समर्थन करने के संकेत दे चुकी है।

परिसीमन बिल पास कराने के लिए कितने वोट जरूरी?
लोकसभा में फिलहाल 540 सांसदों की संख्या बताई गई है, जबकि तीन सीटें रिक्त हैं। दो-तिहाई बहुमत के लिए 360 वोटों की जरूरत होगी। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, पिछली बार 17 अप्रैल को विधेयक के समर्थन में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे। इस तरह सरकार आवश्यक बहुमत से 54 वोट पीछे रह गई थी।बताया जा रहा है कि NDA के पास फिलहाल करीब 320 सांसदों का समर्थन है। ऐसे में सरकार को बहुमत के लिए 40 अतिरिक्त वोटों की जरूरत पड़ सकती है। DMK, शरद पवार गुट, उद्धव ठाकरे गुट और तृणमूल कांग्रेस के सांसदों की पिछली स्थिति को देखते हुए इस बार राजनीतिक समीकरण महत्वपूर्ण हो गए हैं। वहीं, अकाली दल का एक सांसद दोबारा NDA के साथ आ चुका है।
परिसीमन बिल पास होने पर 50 प्रतिशत बढ़ सकती हैं लोकसभा सीटें
प्रस्तावित परिसीमन व्यवस्था के तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने की बात सामने आई है। इसके लागू होने पर उत्तर प्रदेश में मौजूदा 80 सीटें बढ़कर 120 हो सकती हैं। तमिलनाडु में 39 से बढ़कर 60 सीटें होने का अनुमान है।

इसी तरह महाराष्ट्र में 48 से 72, पश्चिम बंगाल में 42 से 63 और बिहार में 40 से 60 लोकसभा सीटें हो सकती हैं। अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी इसी अनुपात में सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव बताया जा रहा है।हालांकि, अंतिम बदलाव विधेयक के वास्तविक प्रावधानों और उसके पारित होने के बाद ही स्पष्ट होंगे। फिलहाल मोदी सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती दो-तिहाई बहुमत जुटाने की है। अब सबकी नजर संसद में पेश होने वाले संशोधित विधेयक और DMK जैसी क्षेत्रीय पार्टियों के अंतिम रुख पर टिकी है।

