Bisleri Water Quality : बाजार में मिलने वाली पैकेज्ड पानी की बोतलों को लोग अक्सर बड़े ब्रांड के नाम पर भरोसा करके खरीदते हैं। लेकिन बिसलेरी के दो अलग-अलग प्लांट और बैच से जुड़े मामलों में पानी की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में कंपनी के एक प्लांट के पानी में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिला, जबकि गोवा में दूसरे बैच के सैंपल में ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) पाए गए। इन मामलों में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दी है।
जलपाईगुड़ी में पानी के सैंपल में मिला कोलीफॉर्म बैक्टीरिया
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा गांव स्थित बिसलेरी प्लांट से पानी का सैंपल लिया गया था। प्रयोगशाला में जांच के दौरान इसमें कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाया गया। पुष्टि के लिए सैंपल दूसरी प्रयोगशाला में भेजा गया, जहां दोबारा जांच में भी बैक्टीरिया की मौजूदगी सामने आई।

यह मामला बैच नंबर PB 201 से जुड़ा था। इसका उत्पादन 20 जुलाई 2026 को हुआ था और इस्तेमाल की अंतिम तारीख 19 जनवरी 2027 थी। गड़बड़ी सामने आने के बाद FSSAI ने 12 अगस्त 2026 को इस बैच की बिक्री पर रोक लगा दी थी। अब कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी भी दी गई है।

गोवा में दूसरे बैच के पानी में मिले ब्रोमेट और PAH
पश्चिम बंगाल के मामले से पहले गोवा में भी बिसलेरी के पानी के सैंपल की जांच में गड़बड़ी सामने आई थी। शुरुआती जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई। कंपनी की अपील के बाद दोबारा जांच कराई गई। इस बार ब्रोमेट की मात्रा सीमा के भीतर मिली, लेकिन सैंपल में PAH नामक रसायन की मौजूदगी दर्ज की गई। इसके बाद पानी को पीने के लिए सुरक्षित नहीं माना गया।
PAH कई रसायनों का समूह है। इनमें से कुछ के लंबे समय तक संपर्क में रहने से कैंसर का जोखिम बढ़ सकता है। कंपनी ने जांच रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए कहा था कि दोबारा परीक्षण में ब्रोमेट निर्धारित सीमा के अंदर था। कंपनी के अनुसार, गोवा का मामला बैच नंबर GO 270 से संबंधित था और उसका स्टॉक अब बाजार में उपलब्ध नहीं है।

कोलीफॉर्म बैक्टीरिया क्या है और कितना खतरनाक?
कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिट्टी, पौधों और दूषित पानी में पाए जाने वाले सूक्ष्मजीवों का समूह है। पीने के पानी में इसकी मौजूदगी स्वच्छता या जल शोधन प्रक्रिया में गड़बड़ी का संकेत हो सकती है। दूषित पानी से डायरिया, हैजा, पेचिश और टाइफाइड जैसी बीमारियों का खतरा रहता है। WHO भी सुरक्षित पेयजल और नियमित जांच को बेहद जरूरी मानता है।
पैकेज्ड पानी को लेकर FSSAI के नियम
FSSAI के मानकों के अनुसार, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के 250 मिलीलीटर सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया नहीं होना चाहिए। पानी में अन्य हानिकारक सूक्ष्मजीवों की जांच भी जरूरी है। इसलिए केवल ब्रांड देखकर पानी को सुरक्षित मान लेना सही नहीं है।
पानी की बोतल खरीदते समय इन 6 बातों का रखें ध्यान
सील जरूर जांचें: बोतल का ढक्कन और सील पूरी तरह बंद होनी चाहिए। खुली या ढीली सील वाली बोतल न खरीदें।
निर्माण और इस्तेमाल की तारीख देखें: बोतल पर लिखी उत्पादन और उपयोग की अंतिम तारीख के साथ बैच नंबर भी जांचें।
धूप में रखी बोतल से बचें: पानी हमेशा साफ और ठंडी जगह पर रखी बोतल से खरीदें। घर में भी इसे गर्मी से दूर रखें।
खोलने के बाद सावधानी बरतें: बोतल खुलने के बाद उसे लंबे समय तक खुला न छोड़ें। बचा हुआ पानी बंद करके फ्रिज में रखें।
एक बोतल से कई लोग मुंह लगाकर न पिएं: साफ गिलास में पानी निकालकर पीना बेहतर है।
वाटर डिस्पेंसर साफ रखें: घर और ऑफिस में इस्तेमाल होने वाली 20 लीटर की बोतल के साथ डिस्पेंसर की नियमित सफाई भी करें।
देशभर में पैकेज्ड पानी की जांच कर रहा FSSAI
बिसलेरी से जुड़े मामलों के बाद FSSAI ने देशभर में पैकेज्ड ड्रिंकिंग और मिनरल वाटर के सैंपल की जांच तेज कर दी है। PTI के अनुसार, FSSAI के CEO राजित पुनहानी ने बताया कि अलग-अलग राज्यों से नमूने जुटाए जा रहे हैं और जांच अगले एक से दो महीने में पूरी होने की उम्मीद है। राज्यों के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को भी जांच बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
बिसलेरी ने क्या दी सफाई?
कंपनी ने अपने पानी को पीने के लिए सुरक्षित बताते हुए कहा है कि वह FSSAI की जांच में पूरा सहयोग करेगी। बिसलेरी के मुताबिक, उत्पादन के दौरान पानी की 10 चरणों में 90 से अधिक बार जांच की जाती है। कंपनी ने पानी की सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बताया है।

