Women Asian Champions Trophy 2026: भोपाल में भारतीय महिला हॉकी टीम ने एक बार फिर अपनी ताकत का लोहा मनवाते हुए इतिहास रच दिया है। आत्मविश्वास से भरी भारतीय टीम ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के फाइनल मुकाबले में ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन को 3-1 से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत ने लगातार तीसरी बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल, आक्रामक खेल और मजबूत डिफेंस के दम पर पूरे मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा।
दीपिका के दो गोल और इशिका की शानदार फील्ड गोल से भारत चैंपियन
फाइनल मुकाबले में भारत की जीत की सबसे बड़ी नायिका दीपिका रहीं। उन्होंने 38वें और 43वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं इशिका ने 42वें मिनट में बेहतरीन फील्ड गोल करके भारत की बढ़त मजबूत कर दी।

चीन की तरफ से युजुन चेन ने 25वें मिनट में गोल करके टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई थी। हालांकि भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी करते हुए चीन को मुकाबले में दोबारा हावी होने का मौका नहीं दिया। दीपिका ने पूरे टूर्नामेंट में 10 गोल किए, जिनमें नौ गोल पेनल्टी कॉर्नर के जरिए आए।

पूरे टूर्नामेंट में अपराजेय रही भारतीय टीम
भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में शुरुआत से ही शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मुकाबला नहीं गंवाया और अपराजेय रहते हुए खिताब पर कब्जा जमाया। इससे पहले राउंड रॉबिन मुकाबले में भी भारत ने चीन को 6-2 से हराकर अपनी ताकत दिखाई थी।भारतीय टीम ने 2023 में रांची और 2024 में राजगीर में भी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था। अब तीसरी लगातार जीत के साथ टीम ने अपनी बादशाहत कायम रखी है। इस शानदार प्रदर्शन का असर विश्व रैंकिंग में भी दिखाई दिया और 25 नवंबर को भारतीय टीम चौथे स्थान पर पहुंच गई।
दीपिका बनीं टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर, साल में किए 41 गोल
भारतीय टीम की स्टार खिलाड़ी दीपिका ने इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक 10 गोल करके टॉप स्कोरर का खिताब हासिल किया। उनकी पेनल्टी कॉर्नर पर सटीक फ्लिक भारतीय टीम की सबसे बड़ी ताकत साबित हुई।दीपिका ने इस साल अब तक 25 मुकाबलों में कुल 41 गोल किए हैं। इसके साथ ही वह इस साल भारत की ओर से सबसे ज्यादा गोल करने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। फाइनल में उनके दो गोल ने भारत की जीत सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

चीन ने की आक्रामक शुरुआत, भारतीय गोलकीपर ने बचाए कई गोल
मुकाबले की शुरुआत में चीन ने आक्रामक रणनीति अपनाई और पहले ही मिनट से भारतीय डिफेंस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। दूसरे मिनट में चीन को पेनल्टी कॉर्नर भी मिला, लेकिन भारतीय टीम ने उसे गोल में बदलने नहीं दिया।भारत ने भी जवाबी हमले किए और 10वें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। हालांकि कप्तान सलीमा टेटे रिबाउंड पर गोल करने से चूक गईं। इसके बाद चीन को कई मौके मिले, लेकिन भारतीय गोलकीपर बिछू देवी खारीबम ने शानदार बचाव करते हुए टीम को मुकाबले में बनाए रखा।
25वें मिनट में युजुन चेन ने चीन को बढ़त दिलाई। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया। 38वें मिनट में दीपिका ने बराबरी का गोल किया, 42वें मिनट में इशिका ने बढ़त दिलाई और अगले ही मिनट दीपिका ने एक और पेनल्टी कॉर्नर गोल में बदल दिया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भारतीय महिला टीम को दी बधाई
भारतीय महिला हॉकी टीम की ऐतिहासिक जीत पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि भोपाल की धरती पर भारतीय बेटियों ने इतिहास रच दिया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि चीन को हराकर खिताब जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम को हार्दिक बधाई। खिलाड़ियों के शानदार तालमेल, मेहनत और जीत के संकल्प ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने टीम इंडिया के प्रदर्शन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

