PM Modi on Nari Shakti : देश में प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गरमाया हुआ है। इस बीच महिला आरक्षण और नारी शक्ति वंदन संशोधन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बड़ा बयान सामने आया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी दिलाने का संघर्ष कई दशकों से जारी है। भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का महिला सशक्तिकरण के प्रति संकल्प आज भी अडिग है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनका अधिकार और उचित प्रतिनिधित्व दिलाना देश के भविष्य के लिए बेहद जरूरी है।
देशहित सर्वोपरि, दलहित को उससे बड़ा नहीं होना चाहिए: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि नारी शक्ति को राजनीतिक भागीदारी दिलाने की लड़ाई लंबे समय से चल रही है और वे स्वयं भी वर्षों से इस दिशा में प्रयास करने वालों में शामिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी और एनडीए का नारी शक्ति के सशक्तिकरण का संकल्प अक्षुण्ण है। पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारे लिए देशहित सर्वोपरि है, लेकिन जब कुछ लोगों के लिए दलहित ही सबकुछ बन जाता है और राजनीतिक हित देशहित से बड़ा हो जाता है, तब इसका नुकसान नारी शक्ति और देश दोनों को उठाना पड़ता है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन संशोधन को समय की मांग बताते हुए कहा कि हमारा आत्मबल अजेय है। महिलाओं के सपनों और देश के भविष्य के लिए इस संकल्प को पूरा करना ही होगा।

परिसीमन विधेयक के बीच महिला प्रतिनिधित्व पर बढ़ी बहस
दरअसल, देश में प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया और लोकसभा तथा विधानसभा सीटों के पुनर्गठन को लेकर राजनीतिक दलों के बीच लगातार बहस चल रही है। इस पूरी प्रक्रिया में संसदीय प्रतिनिधित्व, सीटों की संख्या और संवैधानिक संशोधनों के मुद्दे महत्वपूर्ण बन गए हैं। महिला आरक्षण और नारी शक्ति वंदन संशोधन भी इसी राजनीतिक विमर्श का प्रमुख हिस्सा हैं। सरकार और विपक्ष के बीच इन प्रस्तावों को लागू करने के तरीके और समय को लेकर अलग-अलग विचार सामने आ रहे हैं।

उत्तर और दक्षिण राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का मुद्दा चर्चा में
परिसीमन को लेकर एक बड़ी चिंता राज्यों के बीच राजनीतिक संतुलन बनाए रखने की है। दशकों से लोकसभा सीटों का आवंटन 1971 की जनगणना के आधार पर होता रहा है। इसके पीछे उद्देश्य उन राज्यों को राजनीतिक नुकसान से बचाना था, जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के प्रयासों में बेहतर प्रदर्शन किया है। दक्षिण भारत और कम जनसंख्या वृद्धि वाले राज्यों को आशंका है कि जनसंख्या के आधार पर सीटों का पुनर्गठन होने पर संसद में उनकी हिस्सेदारी घट सकती है। वहीं अधिक जनसंख्या वृद्धि वाले राज्यों की सीटों में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।
लोकसभा की सीटें 850 तक बढ़ाने के प्रस्ताव पर विवाद
प्रस्तावित परिसीमन ढांचे में लोकसभा की अधिकतम क्षमता 850 सीटों तक बढ़ाने और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण करने की चर्चा हुई है। इस प्रस्ताव को लेकर विपक्षी दलों ने सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि परिसीमन के जरिए चुनावी क्षेत्रों का नक्शा राजनीतिक फायदे के लिए बदला जा सकता है। विपक्ष ने जेरीमैंडरिंग यानी चुनावी क्षेत्रों की सीमाओं में इस तरह बदलाव करने की आशंका जताई है, जिससे किसी खास राजनीतिक दल को लाभ मिल सके। इस मुद्दे पर सरकार और विपक्ष के बीच मतभेद गहराते जा रहे हैं।

33 प्रतिशत महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने पर विवाद
महिला आरक्षण को लेकर विवाद का एक प्रमुख कारण इसे परिसीमन प्रक्रिया से जोड़ना है। प्रस्तावित व्यवस्था में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने को परिसीमन से संबंधित प्रावधानों के साथ जोड़ा गया है। विपक्ष का कहना है कि महिला आरक्षण को परिसीमन की शर्त से अलग रखा जाना चाहिए और इसे जल्द लागू करने की दिशा में कदम उठाए जाने चाहिए। वहीं सरकार का तर्क है कि महिला आरक्षण को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए प्रस्तावित संवैधानिक प्रक्रिया जरूरी है। सरकार विपक्ष पर इस मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप भी लगा रही है। ऐसे में महिला सशक्तिकरण और परिसीमन का मुद्दा संसद से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
Read More : Delimitation Bill 2026 : परिसीमन पर INDIA गठबंधन में मतभेद, चिदंबरम ने DMK और शरद पवार को लेकर कही बड़ी बात

