फरीदाबाद @thetarget365 दिव्यांग महिला की दुष्कर्म के बाद नृशंस हत्या करने के एक मामले में गुरुवार को फरीदाबाद की एक अदालत ने आरोपी युवक को मौत की सजा सुनाई है।
फरीदाबाद के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश पुरुषोत्तम कुमार की कोर्ट ने आरोपी मनोज नेपाली को IPC की धारा 302 और 376 के तहत दोषी पाए जाने के बाद सजा सुनाई और 1 लाख 5 हजार रुपए जुर्माना लगाया। न्यायाधीश ने मौत की सजा सुनाते हुए कहा कि मानसिक रूप दिव्यांग महिला से दुष्कर्म और हत्या के जघन्य अपराध में शामिल व्यक्ति को माफ नहीं किया जा सकता।
फरीदाबाद पुलिस के अनुसार घटना नवंबर 2022 में सेक्टर-7 की है। महिला का शव एक पार्क में मिला था। पुलिस के अनुसार महिला दिव्यांग थी, जो अपने पति को बिना बताए घर से निकलकर न्यू टाउन रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई थी, स्टेशन में मनोज नेपाली से महिला का संपर्क हुआ। वह उसे अपने साथ पार्क में ले गया और दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि इस घटना का कोई भी चश्मदीद गवाह नहीं था। मामले में 22 लोगों की गवाही ली गई।