★ झूठा लबरा मन ला नगर निगम चुनाव में सबक सिखाना है- विष्णु देव साय
अंबिकापुर @thetarget365 अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में महापौर प्रत्याशी मंजूषा भगत एवं 48 वार्डों के बीजेपी पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धुआंधार रोड शो किया। रोड शो के दौरान आम जनता ने मुख्यमंत्री पर पुष्पवर्षा कर उन्हें आशीर्वाद दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री पूरे रास्ते भर लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन करते नजर आए।
रोड शो के बाद घड़ी चौक में आयोजित विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कांग्रेस के लोग झूठा लबरा लोग है। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जन घोषणा पत्र में जिस प्रकार से झूठा वादा कर जनता का जनादेश लिया और पांच वर्षों में केवल भ्रष्टाचार किया। इसीलिए जनता ने उन्हें 2023 के विधानसभा चुनाव में सबक सिखाया और सरगुजा के 14 की 14 सीटों के साथ पूरी तरह इनका सफाया कर दिया था।
13 महीने में नगरीय निकाय क्षेत्रों में 7 हजार करोड़ से ज्यादा के कार्यों की हुई स्वीकृत-
आमसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने 13 महीने में प्रदेश के नगरीय निकाय क्षेत्रों के विकास कार्य के लिए 7000 करोड़ से ज्यादा के कार्यों की स्वीकृति दिए हैं,जिनमें अंबिकापुर नगर निगम के लिए 40 करोड़ की स्वीकृति हुई है। मुख्यमंत्री ने आम जनों से कहा कि विकास की जिम्मेदारी हम पर छोड़ दीजिए आने वाले समय ट्रिपल इंजन की सरकार के साथ विकास ही विकास होगा।
घड़ी चौक की आमसभा के बाद गांधीनगर गांधी चौक में आयोजित भाजपा की आम सभा को भी सीएम विष्णु देव साय ने संबोधित किया।