★ शपथ ग्रहण में सीएम विष्णुदेव साय के आने की उम्मीद
अंबिकापुर @thetarget365 अंबिकापुर नगर निगम से नव निर्वाचित मेयर मंजूषा भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आशीर्वाद और मेहनत के कारण नगर निगम में भाजपा की सरकार बनी है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में जिला पंचायत चुनाव में भी भाजपा को जीत मिल रही है। उन्होंने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह को भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री साय के शामिल होने की उम्मीद है।
नवनिर्वाचित मेयर भगत ने कहा कि 10 साल बाद शहर की सरकार भाजपा के हाथों में आई है और अब अंबिकापुर के विकास में कोई बाधा नहीं आएगी। उन्होंने बताया कि भाजपा जिला संगठन और उनके द्वारा मुख्यमंत्री को शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया जाएगा।
मंजूषा भगत ने आश्वासन दिया कि भाजपा के नेतृत्व में अंबिकापुर का चौतरफा विकास होगा और फंड की कोई कमी नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शहर के सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य किए जाएंगे, जिससे नागरिकों को लाभ मिलेगा।