■ स्वास्थ्य, सुरक्षा सहित अन्य सुविधाओं का लिया जायजा
अंबिकापुर @thetarget365 कलेक्टर विलास भोसकर एवं पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने शुक्रवार को केन्द्रीय जेल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल में बंदियों हेतु उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। पुरुष बैरक, महिला बैरक, मुलाकात कक्ष, किचन, कला उद्योग शाखा, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम आदि का अवलोकन किया गया। वहीं शौचालयों की स्थिति और साफ-सफाई का अवलोकन किया गया।
जेल में कला उद्योग शाखा में संचालित गतिविधियों का अवलोकन करते हुए उन्होंने वस्तुओं के सम्बन्ध में जानकारी लेते हुए निर्माण प्रक्रिया, प्रशिक्षण एवं विक्रय के बारे में जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जेल में बंदियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा सहित दी जाने वाली अन्य सुविधाओं की जानकारी ली गई। इस दौरान जेल में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने निर्देशित किया गया।
देखें वीडियो
बता दें कि 17 मार्च को उच्च सुरक्षा वार्ड की जांच के दौरान प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई थीं। पूरे मामले में उच्च सुरक्षा वार्ड की सुरक्षा के लिए ड्यूटी में तैनात कर्मियों को प्रथम दृष्टया लापरवाही का दोषी पाया गया है। प्रबंधन ने लापरवाही के आरोप पर गुरुवार को चार जेल प्रहरियों को निलंबित कर दिया है।