Bhupesh Baghel : वोटर लिस्ट संशोधन को लेकर देशभर में चल रही बहस अब छत्तीसगढ़ की राजनीति में भी गरमा गई है। कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जहां भाजपा पर “चोरी के वोटों से सरकार बनाने” का आरोप लगाया है, वहीं डिप्टी सीएम अरुण साव ने कांग्रेस पर “जनता को गुमराह करने और बेबुनियाद आरोप लगाने” का पलटवार किया है। भूपेश बघेल का आरोप: “वोट चोरी की जिम्मेदार चुनाव आयोग” बिलासपुर में मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा कि जिस तरह बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के जरिए वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का खुलासा हुआ, वैसी ही स्थिति छत्तीसगढ़ में भी रही है। उन्होंने दावा किया कि “छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार वोट चोरी से बनी है” और इसके लिए निर्वाचन आयोग जिम्मेदार है। भूपेश ने यह भी कहा कि राहुल गांधी द्वारा जो सबूत सामने रखे गए हैं, उसने पूरे देश में हलचल मचा दी है। कांग्रेस अब इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी। डिप्टी सीएम अरुण साव का पलटवार डिप्टी सीएम अरुण साव ने भूपेश बघेल के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा, “कांग्रेस की सोच और बुद्धि पर अब तरस आता है। जब सत्ता में रहते हैं, तो सबकुछ ठीक लगता है। जैसे ही हार होती है, ईवीएम से लेकर वोटर लिस्ट तक हर चीज पर सवाल उठने लगते हैं।” अरुण साव ने कहा कि वोटर लिस्ट एक वैधानिक प्रक्रिया के तहत बनती है और इसमें किसी तरह की गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं होती। उन्होंने आगे कहा, “बैलेट पेपर के जमाने में भी कांग्रेस चुनाव हारी है। अब ये हर बार नई कहानी बनाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन देश की जनता अब कांग्रेस के बहकावे में नहीं आने वाली।” भाजपा का आरोप भाजपा का कहना है कि कांग्रेस चुनाव में हार को स्वीकार नहीं कर पा रही है और अब वोटर लिस्ट के जरिए चुनावी नतीजों को गलत ठहराने की कोशिश कर रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि जब कांग्रेस जीतती है, तब कोई सवाल नहीं उठते, लेकिन जैसे ही हार होती है, संस्थाओं और चुनाव प्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगाना शुरू कर देती है। छत्तीसगढ़ में वोटर लिस्ट को लेकर उठा विवाद अब पूरी तरह सियासी रंग ले चुका है। कांग्रेस जहां भाजपा पर वोट चोरी और आयोग पर मिलीभगत का आरोप लगा रही है, वहीं भाजपा इसे “कांग्रेस की हताशा” बता रही है। आने वाले समय में यह मुद्दा राजनीतिक मंचों और जनसभाओं में और तेज़ी से गूंज सकता है। Read More : Har Ghar Tiranga BJP : छत्तीसगढ़ में भाजपा का ‘हर घर तिरंगा’ अभियान तेज, सांसद-विधायक और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी, 12 लाख झंडों का ऑर्डर














