Ambikapur News : अंबिकापुर देवीगंज रोड स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उ.मा.वि. में रक्षाबंधन पर्व पूरे उत्साह और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य मीरा साहू, प्रधानाचार्य सुप्रिया सिंह, सांस्कृतिक प्रमुख सीमा खानवलकर, वरिष्ठ आचार्य भूधर त्रिपाठी, ज्ञानदेव त्रिपाठी, बीरेंद्र गुप्ता और उमेश कुशवाहा द्वारा मां सरस्वती की छवि पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर प्राचार्य मीरा साहू ने सभी वरिष्ठ आचार्यों को तिलक लगाकर रक्षा सूत्र बांधा और मंगलकामनाएं दीं। इसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने अपने सहपाठी भाइयों को तिलक लगाकर राखियां बांधीं। संबोधन में मीरा साहू ने कहा कि रक्षा बंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक है, जो प्राचीन काल से भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग रहा है। उन्होंने माता लक्ष्मी द्वारा असुरराज बलि को रक्षा सूत्र बांधने का दृष्टांत देकर पर्व की महत्ता पर प्रकाश डाला।


कार्यक्रम में बीरेंद्र गुप्ता और उमेश कुशवाहा ने भी अपने विचार रखे। समापन पर सभी छात्रों ने नारी सम्मान और पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। आयोजन में सभी आचार्य-दीदियों की सक्रिय सहभागिता रही।










