Raipur News : प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक बड़ा टकराव सामने आया है। राज्य सरकार और नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) कर्मचारी आमने-सामने आ गए हैं। सरकार ने 16 हजार से अधिक एनएचएम कर्मियों को सख्त चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि यदि वे तुरंत काम पर नहीं लौटे तो उनकी सेवाएं समाप्त कर दी जाएंगी।

सरकार का तर्क है कि हड़ताल के चलते प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराने लगी है और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में अब और ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं दूसरी ओर एनएचएम कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों पर अड़े हुए हैं। उनका आरोप है कि सरकार ने कई बार आश्वासन दिए, लेकिन अब तक वादे पूरे नहीं किए गए।

मामले ने तूल पकड़ लिया है और प्रदेश की चिकित्सा व्यवस्था पर सीधा असर दिखने लगा है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं लगभग ठप पड़ चुकी हैं। अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि क्या सरकार अपने फैसले पर अडिग रहती है या कर्मचारियों के साथ कोई समझौता तलाशा जाएगा। टकराव का यह दौर आने वाले दिनों में और गंभीर रूप ले सकता है।












