Balrampur-Ramanujganj : बसंतपुर पुलिस ने अपहरण और फिरौती के सनसनीखेज़ मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी सतीश कुमार गुप्ता (39 वर्ष), निवासी बीजपुर, सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बीजपुर से हिरासत में लेकर बसंतपुर लाया गया और पूछताछ के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

मामला क्या है?
8 अगस्त 2025 को थाना बसंतपुर में प्रार्थी बृजेश सिंह (22 वर्ष, निवासी गोंड़ जाति) ने अपने भाई विजय लाल मरकाम के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 150/25 धारा 140 (1) सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। जांच में सामने आया कि 6 अगस्त को राकेश उर्फ बिल्लू यादव ने प्रेगनगर चौक में पीड़ित को बुलाया था। इसी दौरान पंकज मिश्रा, सद्दाम अंसारी और विजय गुप्ता सफेद रंग की स्विफ्ट डिज़ायर कार से आए और बहाने से पीड़ित को कार में बैठाकर बिजपुर (उ.प्र.) ले गए।

रास्ते में ऋषि नामक युवक को बीच रास्ते उतारकर, अपहृत को बिजपुर में लगातार घुमाते रहे और उसके मोबाइल से ही घरवालों को फोन कर 3 लाख रुपये फिरौती की मांग की।
पुलिस जांच में खुलासा
आरोपी सद्दाम अंसारी ने कबूल किया कि अपहरण की योजना 5 अगस्त को बिजपुर में पंकज मिश्रा और विजय गुप्ता के साथ बनाई गई थी। पीड़ित को घुमाने के लिए रोहित चौरसिया की कार (UP 64 BB 0342) का इस्तेमाल किया गया। आरोपियों का कहना था कि पीड़ित लकड़ी तस्करी में मुखबिरी करता है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ था। उसी की भरपाई के लिए फिरौती मांगी गई। जांच के दौरान सद्दाम अंसारी से मोबाइल फोन और रोहित चौरसिया से कार जब्त की गई।
नवीनतम गिरफ्तारी
फरार चल रहा आरोपी सतीश कुमार गुप्ता को पुलिस ने बीजपुर (सोनभद्र, उ.प्र.) से पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि घटना वाले दिन वह भी पंकज मिश्रा और सद्दाम अंसारी के साथ दूसरी कार (UP 64 AK 7444) से अपहरण में शामिल था। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सोनी, प्र.आर. 120 पंकज पोर्ते, प्र.आर. 721 विनोद सागर और आरक्षक 291 ताराचंद सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बसंतपुर पुलिस की सतर्कता से यह अपहरण और फिरौती का मामला सुलझ गया है। अब तक कई आरोपी सलाखों के पीछे पहुँच चुके हैं और शेष की तलाश जारी है।










