Semicon India 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दिल्ली स्थित यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सेमीकॉन इंडिया-2025 का भव्य उद्घाटन किया। इस मौके पर केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रधानमंत्री को विक्रम 32-बिट प्रोसेसर और चार अत्याधुनिक प्रोजेक्ट्स के टेस्ट चिप्स भेंट किए। यह भारत के तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

विक्रम 32-बिट प्रोसेसर: भारत की बड़ी उपलब्धि
विक्रम 32-बिट प्रोसेसर पूरी तरह से भारत में विकसित पहला 32-बिट माइक्रोप्रोसेसर है, जिसे ISRO की सेमीकंडक्टर लैब (SCL) द्वारा बनाया गया है। यह प्रोसेसर खासतौर पर लॉन्च व्हीकल्स (रॉकेट्स) के लिए तैयार किया गया है, जहां अत्यधिक तापमान, कंपन और विकिरण जैसे मुश्किल पर्यावरणीय हालात होते हैं।

यह उपलब्धि भारत की सेमीकंडक्टर विनिर्माण क्षमताओं को वैश्विक मंच पर मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी और भारत को “डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग हब” बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाएगी।
सेमीकॉन मिशन की सफलता पर बोले अश्विनी वैष्णव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, “हमने 3.5 साल पहले भारत सेमीकंडक्टर मिशन की शुरुआत की थी। इतने कम समय में भारत ने जो तकनीकी प्रगति दिखाई है, वह विश्व के लिए प्रेरणादायक है। आज दुनिया भारत की ओर भरोसे से देख रही है।”उन्होंने आगे कहा, “PM मोदी ने सेमीकॉन इंडिया-2024 में कहा था कि जब चुनौतियां आएं, तो आप भारत पर दांव लगा सकते हैं। हाल ही में भारत की GDP ग्रोथ दर 7.8% रही, जो इस विश्वास का प्रमाण है।”
सेमीकंडक्टर में भारत की वैश्विक भूमिका
भारत सरकार का लक्ष्य है कि देश को सेमीकंडक्टर डिजाइन, निर्माण और नवाचार के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व दिलाया जाए। “मेक इन इंडिया” और “डिजिटल इंडिया” जैसे अभियानों के तहत भारत लगातार चिप निर्माण, पैकेजिंग और टेस्टिंग के क्षेत्र में निवेश आकर्षित कर रहा है।
सेमीकॉन इंडिया-2025 का उद्घाटन और विक्रम प्रोसेसर की प्रस्तुति भारत के तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। यह न केवल भारत की वैज्ञानिक क्षमताओं को दिखाता है, बल्कि वैश्विक निवेशकों को भारत में विश्वसनीय सेमीकंडक्टर हब के रूप में देखने के लिए प्रेरित करता है।
Read More : Saharanpur Rape Case: सहारनपुर में झाड़-फूंक के बहाने दलित युवती से दुष्कर्म, तांत्रिक के खिलाफ FIR दर्ज










