MCB News : जिला कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता सौरव मिश्रा ने भाजपा सरकार और वन विभाग पर बड़े आरोप लगाए हैं। मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में जंगलों की सुरक्षा करने वाला वन विभाग अब तस्करों का सबसे बड़ा संरक्षणदाता बन चुका है। जिले में खुलेआम अवैध कटाई और करोड़ों के घोटाले हो रहे हैं, जबकि भाजपा सरकार और उसके मंत्री मौन साधे हुए हैं।

मिश्रा ने इस पूरे मामले की शिकायत प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) श्रीवी. श्रीनिवास राव और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो एवं आर्थिक अपराध शाखा (ACB–EOW) के उप पुलिस महानिदेशक टी.आर. कोशिमा को सौंप दी है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में 25 अगस्त को सरई लकड़ी से भरा ट्रक और 1 सितम्बर को नीलगिरी लकड़ी का ट्रक बिना दस्तावेज़ के पकड़ा गया। मिश्रा का आरोप है कि ऐसे मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग ने कार्रवाई की, लेकिन वन विभाग ने हमेशा मामले दबाने का काम किया।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि “महुआ बचाओ अभियान” में ट्री गार्ड खरीदी और गोंडवाना फॉसिल पार्क के नाम पर करोड़ों का गबन हुआ है। उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्ट अफसरों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिले में पदस्थ वनमंडल अधिकारी का विवादित इतिहास बताता है कि भाजपा सरकार लगातार भ्रष्ट अधिकारियों को बचाती रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने तत्काल FIR दर्ज करने, वनमंडल अधिकारी और संबंधित अफसरों को निलंबित करने, महुआ बचाओ अभियान और फॉसिल पार्क घोटाले की विशेष ऑडिट कराने तथा अवैध कटाई रोकने के लिए विशेष टास्क फोर्स बनाने की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भाजपा सरकार ने कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर जनआंदोलन करेगी और जंगल बचाने की इस लड़ाई को निर्णायक मोड़ तक ले जाएगी।










