Deputy CM Vijay Sharma: छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ रैली के जवाब में डिप्टी सीएम और गृह मंत्री विजय शर्मा ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अब वोट घोटाले का नया तरीका ईजाद किया है, और इसके जरिए मतदाता सूची में व्यापक गड़बड़ी की गई है।

मोहम्मद अकबर पर गंभीर आरोप
डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान कवर्धा में पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर के इशारे पर बड़ी संख्या में मतदाता सूची में फर्जी नाम जोड़े गए। शर्मा ने दावा किया कि कई व्यक्तियों ने फॉर्म-6 भरकर खुद को कवर्धा का निवासी बताया, जबकि वे पहले से ही रायपुर या अन्य विधानसभा क्षेत्रों में पंजीकृत मतदाता थे।

उन्होंने उदाहरण के तौर पर बताया कि रियाज हुसैन (75 वर्ष) ने पहले कवर्धा में फॉर्म-6 भरकर नाम जोड़ा और बाद में रायपुर पश्चिम में फॉर्म-8 भरकर नाम स्थानांतरित करवा लिया। इसी तरह रमीज कुट्टी नामक व्यक्ति ने भी कवर्धा में खुद को नया मतदाता बताकर फॉर्म-6 भरा, जबकि उसके पासपोर्ट में पता अलग जगह का है।
एक से अधिक EPIC नंबर वाले मतदाता
शर्मा ने कहा कि कुछ व्यक्तियों के पास दो से तीन मतदाता पहचान पत्र (EPIC नंबर) हैं, जो स्पष्ट रूप से चुनावी प्रक्रिया में धांधली की ओर इशारा करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मतदाताओं की सूची उनके पास मौजूद है, और यह सब कांग्रेस की शह पर किया गया है।
कांग्रेस को SIR का विरोध नहीं करना चाहिए
डिप्टी सीएम ने स्पष्ट किया कि SIR (Special Intensive Revision) प्रक्रिया चुनाव आयोग द्वारा देशभर में मतदाता सूची के शुद्धिकरण के लिए चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इसका विरोध नहीं करना चाहिए क्योंकि यह प्रक्रिया गड़बड़ियों को सुधारने के लिए है। यदि कांग्रेस इसका विरोध करती है, तो वह खुद को कटघरे में खड़ा कर रही है।
दंडात्मक कार्रवाई की तैयारी
विजय शर्मा ने बताया कि उन्होंने इन मामलों की शिकायत दर्ज कराई है और जल्द ही एफआईआर भी करवाई जाएगी। गृह मंत्री के मुताबिक, गलत जानकारी देकर नाम जोड़ने वाले लोगों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा, “यह मेरे ही विधानसभा क्षेत्र का मामला है। हम इसे केवल सार्वजनिक कर छोड़ने वाले नहीं हैं। प्रशासनिक जांच हो चुकी है, रिपोर्ट हमारे पास है और जरूरत पड़ी तो हम न्यायालय भी जाएंगे।”
फार्म-6 का गलत इस्तेमाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विजय शर्मा ने मतदाता सूची की प्रक्रिया भी स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि फॉर्म-6 केवल उन लोगों द्वारा भरा जा सकता है जिनका नाम पहले से सूची में नहीं है। लेकिन यहां जिनके नाम पहले से सूची में थे, उन्होंने भी फॉर्म-6 भरकर अलग क्षेत्र में दोबारा पंजीकरण कराया।
छत्तीसगढ़ की राजनीति में चुनाव से पहले वोटर लिस्ट घोटाला बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है। जहां कांग्रेस ‘वोट चोरी’ का आरोप बीजेपी पर लगा रही है, वहीं बीजेपी ने अब कांग्रेस पर मतदाता सूची में फर्जीवाड़े का नया तरीका अपनाने का आरोप लगाया है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच और SIR प्रक्रिया के परिणाम आने के बाद ही असली तस्वीर सामने आ पाएगी।










