Chhattisgarh Cabinet Meeting : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में जहां सुकमा नक्सल हमले में शहीद हुए एएसपी आकाश राव गिरेपूंजे की पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति देने का फैसला लिया गया, वहीं राज्य की सौर ऊर्जा नीति में संशोधन कर उसे उद्योगों के लिए और अधिक आकर्षक बनाया गया। इसके साथ ही लोक सेवा आयोग को नया अध्यक्ष मिला और वरिष्ठ मीडिया कर्मियों की सम्मान निधि राशि को दोगुना करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय : ◆ शहीद एएसपी की पत्नी को डीएसपी पद पर अनुकंपा नियुक्ति मंत्रिपरिषद ने 9 जून 2025 को सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान शहीद हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपूंजे की वीरता को नमन करते हुए, उनकी पत्नी स्नेहा गिरेपूंजे को विशेष प्रकरण मानते हुए राज्य पुलिस सेवा में उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने का निर्णय लिया। ◆ सौर ऊर्जा नीति में बड़ा संशोधन ● राज्य की सौर ऊर्जा नीति को संशोधित कर 2030 तक लागू करने का फैसला किया गया। ● सौर ऊर्जा परियोजनाओं को औद्योगिक नीति के तहत प्राथमिकता उद्योग का दर्जा मिलेगा। ● निवेशकों को ब्याज अनुदान, पूंजी लागत पर अनुदान, जीएसटी प्रतिपूर्ति, बिजली शुल्क में छूट, स्टाम्प शुल्क में छूट समेत कई रियायतें दी जाएंगी। ● अनुसूचित जाति/जनजाति, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक और तृतीय लिंग समुदाय के उद्यमियों को विशेष छूट, मेगा और अल्ट्रा मेगा प्रोजेक्ट्स के लिए विशेष पैकेज की भी व्यवस्था की जाएगी। ◆ रीता शांडिल्य होंगी लोक सेवा आयोग की अध्यक्ष लोक सेवा आयोग की वर्तमान सदस्य एवं कार्यकारी अध्यक्ष रीता शांडिल्य को आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त करने के प्रस्ताव को कैबिनेट ने मंजूरी दी। ◆ वरिष्ठ मीडिया कर्मियों को दुगुनी सम्मान राशि राज्य सरकार ने सेवानिवृत्त मीडिया कर्मियों के लिए सम्मान निधि राशि को 10 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया है। इसकी घोषणा बजट 2025-26 में की गई थी, जिसे अब मंत्रिपरिषद ने लागू करने का निर्णय लिया।














