Sukma Naxal Bust: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। मेट्टागुड़ा कैम्प क्षेत्र में सुरक्षाबलों द्वारा चलाए गए सघन सर्च ऑपरेशन में नक्सलियों की एक ऑर्डिनेंस फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर उसे ध्वस्त कर दिया गया। यह फैक्ट्री जंगलों में छिपाकर संचालित की जा रही थी, जहां नक्सली बड़े हमले की तैयारी कर रहे थे।

संयुक्त सर्च ऑपरेशन की बड़ी सफलता
26 सितंबर को जिला बल और 203 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम मेट्टागुड़ा से ऑपरेशन के लिए रवाना हुई थी। ईरापल्ली और कोईमेंटा गांवों के आसपास के घने जंगलों में तलाशी अभियान के दौरान जवानों को एक गुप्त स्थान पर हथियार और विस्फोटक बनाने की फैक्ट्री का सुराग मिला। सुबह लगभग 11 बजे इस फैक्ट्री को ट्रेस कर सुरक्षाबलों ने मौके पर ही ध्वस्त कर दिया।

भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद
सुरक्षाबलों ने कार्रवाई के दौरान नक्सलियों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे कई खतरनाक उपकरण और हथियार जब्त किए। बरामद सामान में शामिल हैं:
वर्टिकल मिलिंग मशीन – 01
बीजीएल लांचर – 02
बीजीएल हेड्स – 94
बेंच वाइस – 03
हैंड ग्राइंडर – 01
डायरेक्शनल IED पाइप्स – 03
लकड़ी के राइफल बट – 06
सोलर बैटरियां – 04
स्टील पाइप पीस – 80
बड़ी मात्रा में आयरन स्क्रैप व अन्य उपकरण
इन वस्तुओं से स्पष्ट है कि नक्सली एक बड़े हमले की योजना बना रहे थे और हथियारों का निर्माण युद्ध स्तर पर कर रहे थे।
नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम
सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने जानकारी दी कि फैक्ट्री के ध्वस्तीकरण से नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम किया गया है। यह ऑपरेशन सुरक्षाबलों के लिए एक अहम उपलब्धि है और यह इस बात का प्रमाण है कि नक्सलियों की कमर तोड़ने में सुरक्षाबल लगातार सफल हो रहे हैं।
अभियान रहेगा जारी
सुरक्षाबलों की इस निर्णायक कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि राज्य सरकार और सुरक्षा एजेंसियां नक्सल उन्मूलन को लेकर पूरी तरह गंभीर हैं। जंगलों में फैली अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और हर स्तर पर नक्सलियों को कमजोर करने के प्रयास जारी हैं।
सुकमा में नक्सलियों की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री का ध्वस्तीकरण सुरक्षाबलों के लिए एक रणनीतिक जीत है। यह ऑपरेशन न केवल क्षेत्र में शांति बहाली की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि अब नक्सलवाद के खात्मे की घड़ी नजदीक है।
Raed More : Chhattisgarh HC 25th Anniversary: HC की वर्षगांठ पर बोले CM विष्णु देव साय, कोर्ट की गरिमा बनाए रखना जरूरी











