Chhattisgarh Rain Alert : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और प्रदेश के कई हिस्सों में गुरुवार रात से ही लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। शुक्रवार सुबह से रायपुर, धमतरी और आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया है। लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। रायपुर, महासमुंद, धमतरी और गरियाबंद में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं कुछ अन्य जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
दक्षिण छत्तीसगढ़: बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर
मध्य छत्तीसगढ़: बालोद, बेमेतरा, दुर्ग, कबीरधाम, खैरागढ़-छुई खदान-गंडई, मोहला-मानपुर चौकी और राजनांदगांव
इन जिलों में तेज हवाओं और भारी बारिश के चलते लोगों को सतर्क और सावधान रहने की सलाह दी गई है।
अन्य जिलों में भी बारिश के आसार
बारिश का असर अन्य हिस्सों में भी देखने को मिलेगा। बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सरंगढ़-बिलाईगढ़, मुंगेली और बिलासपुर जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
प्रशासन अलर्ट पर
भारी और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने संभावित आपदा प्रबंधन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुराने और जर्जर मकानों वाले इलाकों में लोगों को सतर्क किया जा रहा है। साथ ही, निचले इलाकों में जलभराव और बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका भी जताई जा रही है।
छत्तीसगढ़ में मॉनसून अभी भी सक्रिय है और लगातार हो रही बारिश इसका सबूत है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद लोगों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और भारी बारिश के दौरान अनावश्यक घरों से बाहर न निकलें। रायपुर से बस्तर तक फैले इस बारिश के दौर ने जहां मौसम को सुहाना बनाया है, वहीं प्रशासन को भी पूरी तरह तैयार रहने का संदेश दे दिया है।
Read More : AFG vs BAN: बांग्लादेश का डबल धमाल, एक ही दिन पाकिस्तान और अफगानिस्तान पर जीत










