Ambikapur Political Storm : अंबिकापुर शहर की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब कलाकेंद्र मैदान में मीना बाजार लगाने के एवज में कथित तौर पर मोटी रकम की मांग से जुड़ा एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। वायरल ऑडियो में अंबिकापुर की मेयर मंजूषा भगत और सरगुजा भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की आवाज होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इस ऑडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। ये वीडियो वायरल भी तब हुआ जब सीएम विष्णु देव साय अंबिकापुर में थे इसलिए सत्ता और संगठन के बीच भी नेताओ की जमकर किरकिरी हुई।

ऑडियो वायरल होने के बाद मेयर मंजूषा भगत ने सामने आकर इसे पूरी तरह से सोची-समझी साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि उनकी और भाजपा जिलाध्यक्ष की छवि धूमिल करने तथा राजनीतिक रूप से बदनाम करने के उद्देश्य से इस कथित ऑडियो को सुनियोजित तरीके से प्रसारित किया गया है।

मामले को गंभीर मानते हुए मेयर ने अजाक थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। मीडिया से चर्चा के दौरान मेयर इस पूरे घटनाक्रम को लेकर भावुक भी नजर आईं।
वहीं, अजाक थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।











