Surajpur Accident : सूरजपुर जिले में सोमवार देर रात को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में 10 नाबालिगों समेत करीब 25 मजदूर घायल हो गए, जिनमें 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के नेवरा इलाके में यह हादसा उस समय हुआ जब भैयाथान क्षेत्र में मजदूरी कर लौट रहे मजदूर लैंगा गांव की ओर जा रहे थे। रास्ते में पिकअप चालक ने एक ट्रेलर को ओवरटेक करने की कोशिश की, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है।










