Meditation Day : वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अशांति और नकारात्मक वातावरण के बीच मानसिक व शारीरिक संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा विशेष मेडिटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 21 दिसंबर, रविवार को आयोजित होगा, जो कि संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) द्वारा घोषित ‘ध्यान दिवस’ के रूप में विश्वभर में मनाया जाता है और शांति, आत्मिक संतुलन व सकारात्मक सोच का प्रतीक माना जाता है।
इसी क्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, अंबिकापुर में 21 दिसंबर रविवार को सुबह 10:30 बजे ध्यान एवं मेडिटेशन कार्यक्रम रखा गया है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आज के नकारात्मक वायुमंडल के कारण बढ़ती मानसिक अशांति, तनाव और दुखों के बीच लोगों को ध्यान के महत्व से अवगत कराना तथा मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को आत्मचिंतन, सकारात्मक जीवन मूल्यों के विकास और आंतरिक शांति की अनुभूति कराने का प्रयास किया जाएगा। ब्रह्माकुमारी संस्था का मानना है कि नियमित ध्यान से व्यक्ति न केवल तनावमुक्त जीवन जी सकता है, बल्कि समाज में भी शांति और सद्भाव का वातावरण निर्मित कर सकता है।
इस ध्यान दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष मेडिटेशन कार्यक्रम में सभी नागरिकों को सादर आमंत्रित किया गया है, ताकि वे ध्यान के माध्यम से सकारात्मक और संतुलित जीवन की ओर कदम बढ़ा सकें।
















