अंबिकापुर के मल्टीपरपज ग्राउंड में आयोजित दंगल कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों ने बारिश के बीच भी अपने दमखम और कुश्ती के दांव-पेंच से दर्शकों में रोमांच भर दिया।
अंबिकापुर के मल्टीपरपज ग्राउंड में आयोजित दंगल कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों ने बारिश के बीच भी अपने दमखम और कुश्ती के दांव-पेंच से दर्शकों में रोमांच भर दिया।

Dangal Wrestling Competition : नागपंचमी के शुभ अवसर पर अंबिकापुर के मल्टीपरपज ग्राउंड में आयोजित दंगल कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों ने बारिश के बीच भी अपने दमखम और कुश्ती के दांव-पेंच से दर्शकों में रोमांच भर दिया। प्रदेश सहित सीमावर्ती राज्यों से पहुंचे करीब 150 पहलवानों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। चार वर्गों में हुई इस स्पर्धा में अंबिकापुर के अवनीश पांडेय ने सरगुजा केसरी का खिताब अपने नाम किया।


प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी सरगुजा कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं पार्षद विकास पांडेय के नेतृत्व में दंगल का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता को सरगुजा केसरी, सरगुजा भीम, सरगुजा कुमार और सरगुजा अभिमन्यु चार वर्गों में आयोजित किया गया। दोपहर में झमाझम बारिश के बावजूद पहलवानों का उत्साह कम नहीं हुआ और दर्शकों ने भी बड़ी संख्या में पहुंचकर मुकाबलों का आनंद लिया।

दंगल का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, हस्तशिल्प बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष अनिल सिंह मेजर सहित अन्य अतिथियों ने किया। अतिथियों ने अखाड़े में पहुंचकर पहलवानों से हाथ मिलाया और उनका परिचय प्राप्त करने के बाद प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ कराया।
इसके बाद प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ ही सीमावर्ती राज्यों से पहुंचे पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। पहलवानों ने एक-दूसरे पर कुश्ती के शानदार दांव आजमाए। अखाड़े के बाहर मौजूद दर्शकों की तालियों और उत्साहवर्धन से पहलवानों का जोश भी बढ़ता रहा।


सरगुजा केसरी वर्ग में अंबिकापुर के अवनीश पांडेय विजेता रहे, जबकि सतपाल यादव उपविजेता बने।
सरगुजा भीम वर्ग का खिताब भिलाई के मोहम्मद आसिफ ने जीता और पवन कुमार उपविजेता रहे।
सरगुजा कुमार वर्ग में भिलाई के मनीष कुमार विजेता तथा सरगुजा के लक्ष्मण पैकरा उपविजेता रहे।
वहीं सरगुजा अभिमन्यु वर्ग का खिताब लखनपुर के देवांगन जगत ने अपने नाम किया।
सभी विजेता एवं उपविजेता पहलवानों को नकद पुरस्कार राशि के साथ शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि कुश्ती जैसे पारंपरिक खेल और आयोजनों को जीवित रखने के लिए आयोजक बधाई के पात्र हैं। उन्होंने पहलवानों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में ललन प्रताप सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिसोदिया, अंबिकेश केसरी, आलोक दुबे, मनीष सिंह, दीपक यादव, रविकांत उरांव, निशांत सिंह और मनोज कंसारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
निर्णायक की भूमिका खेल शिक्षक विवेक पांडेय, राजेश प्रताप सिंह, पवनीत सिंह गिल, सुदेश पैकरा एवं गुरमीत छाबड़ा ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन संघ के कोषाध्यक्ष संजीव वर्मा ने किया। दंगल को सफल बनाने में रवि विश्वकर्मा, विवेक सिंह, धर्मेंद्र विश्वकर्मा, अमन गुप्ता, आनंद सिंह, गोलू यादव सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।


© 2026 | All Rights Reserved | Thetarget365.com | Made By Top News Portal Development Company.
Call Us At – +91-:9406130006
WhatsApp – +91 62665 68872
Mail Us At – thetargetweb@gmail.com
Meet Us At – Shitla Ward, Ambikapur Dist. Surguja Chhattisgarh.497001.