Haryana Police SPO Recruitment : हरियाणा पुलिस ने स्पेशल पुलिस ऑफिसर यानी SPO के 400 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का ऐलान किया है। यह भर्ती हरियाणा पुलिस की टेलीकम्युनिकेशन विंग में हरियाणा पुलिस एक्ट 2007 की धारा 21 के तहत की जाएगी। भर्ती को लेकर पुलिस की ओर से मंगलवार को प्रेस नोट जारी किया गया है। इस अभियान में सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के पात्र पूर्व सैनिकों के साथ भंग हो चुकी HSISF और HP बटालियन के पूर्व कांस्टेबल भी आवेदन कर सकेंगे।
जिलेवार निर्धारित की गई आवेदन तारीख
उम्मीदवारों को अपने जिले के लिए निर्धारित तारीख पर ही आवेदन जमा करने के लिए पहुंचना होगा। जारी कार्यक्रम के अनुसार 24 अगस्त को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल के उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे। 25 अगस्त को सोनीपत, पानीपत, रोहतक, झज्जर, भिवानी और चरखी दादरी के अभ्यर्थियों की बारी होगी।
इन जिलों के उम्मीदवार कब पहुंचें?
26 अगस्त को गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात यानी नूंह, पलवल, रेवाड़ी और नारनौल के उम्मीदवार आवेदन जमा करेंगे। वहीं 27 अगस्त को हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, हांसी, जींद और डबवाली के अभ्यर्थियों के आवेदन लिए जाएंगे। उम्मीदवारों को अपनी निर्धारित तारीख पर सुबह 9 बजे तक पुलिस लाइन टेलीकम्युनिकेशन सेक्टर-25 के सामने, गांव मोगीनंद के पास पंचकूला पहुंचना होगा।
उम्र और शैक्षणिक योग्यता क्या है?
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की उम्र नोटिफिकेशन के अनुसार 25 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी का कम से कम 12वीं कक्षा पास होना जरूरी है। इसके अलावा सशस्त्र बलों या केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में न्यूनतम पांच साल की सेवा का अनुभव भी अनिवार्य रखा गया है।
सेवा रिकॉर्ड और मेडिकल फिटनेस जरूरी
उम्मीदवार को अनुशासनहीनता, कदाचार, मेडिकल या फिटनेस संबंधी कारणों से सेवा से हटाया या बर्खास्त नहीं किया गया होना चाहिए। डिस्चार्ज के समय उम्मीदवार की मेडिकल कैटेगरी ए होनी चाहिए। इसके अलावा डिस्चार्ज कैरेक्टर सर्टिफिकेट में चरित्र की रेटिंग एक्सलेंट या आउटस्टैंडिंग श्रेणी में होना जरूरी है। टेलीकम्युनिकेशन उपकरणों के संचालन का अनुभव रखने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी।
सिग्नल कोर के पूर्व कर्मचारियों को वरीयता
भर्ती में ऐसे पूर्व सैनिकों को विशेष लाभ मिल सकता है, जिन्हें टेलीकम्युनिकेशन और संबंधित उपकरणों के संचालन का व्यावहारिक अनुभव है। खासतौर पर सिग्नल कोर में काम कर चुके उम्मीदवारों को प्राथमिकता दिए जाने की बात कही गई है। इससे टेलीकम्युनिकेशन विंग में अनुभवी कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
बिना लिखित परीक्षा होगा चयन
SPO पदों के लिए उम्मीदवारों को किसी लिखित परीक्षा या फिजिकल टेस्ट में शामिल नहीं होना होगा। चयन प्रक्रिया में दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल जांच तथा चरित्र एवं पूर्ववृत्त की जांच शामिल होगी। चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति से पहले 15 दिन का कैप्सूल ट्रेनिंग कोर्स भी कराया जाएगा, ताकि उन्हें संबंधित जिम्मेदारियों के लिए तैयार किया जा सके।
हर महीने मिलेगा 20 हजार रुपये मानदेय
चयनित स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स को हर महीने 20,000 रुपये का मानदेय दिया जाएगा। यह राशि सीधे उनके बैंक खाते में जमा की जाएगी। इसके अलावा यूनिफॉर्म के लिए एक बार 3,000 रुपये का भत्ता भी मिलेगा। आधिकारिक दौरे की स्थिति में 150 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से टीए-डीए देने का प्रावधान रखा गया है।
आवेदन के समय ये दस्तावेज जरूरी
उम्मीदवारों को आवेदन के दौरान भरा हुआ आवेदन फॉर्म, सभी मूल दस्तावेज और उनकी एक सेट अटेस्टेड फोटोकॉपी साथ लेकर जाना होगा। इसके अलावा आवश्यक एफिडेविट और चार पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो भी जमा करनी होंगी। खास बात यह है कि इस भर्ती के लिए अभ्यर्थियों से किसी प्रकार का आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा।
एक साल के लिए होगी शुरुआती नियुक्ति
चयनित SPOs की नियुक्ति प्रारंभिक तौर पर एक वर्ष की अवधि के लिए की जाएगी। जरूरत और परिस्थितियों के आधार पर नियमित नियुक्ति होने तक इस अवधि को आगे बढ़ाया जा सकता है। हालांकि SPO को उसके गृह पुलिस स्टेशन में तैनात नहीं किया जाएगा। उपलब्धता और प्रशासनिक जरूरत के आधार पर गृह जिले में पोस्टिंग देने को प्राथमिकता दी जा सकती है।
Read More : Google-Spirit Airlines Deal: 10 मिलियन डॉलर की डील पर बड़ा खुलासा, Google ने बताया क्या खरीदा