Rajasthan Nikay Chunav : राजस्थान में नगर निकाय चुनाव 2026 से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पार्टी के खिलाफ बगावत करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं पर सख्त कार्रवाई की है। पार्टी ने अनुशासन तोड़ने के आरोप में 41 नेताओं और कार्यकर्ताओं को छह साल के लिए बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। चुनाव से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई को पार्टी संगठन के भीतर अनुशासन बनाए रखने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
निर्दलीय उम्मीदवारों के समर्थन पर पार्टी का एक्शन
बीजेपी के मुताबिक, कार्रवाई की जद में आए ज्यादातर पदाधिकारी और कार्यकर्ता नगर निकाय चुनाव में पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा कुछ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों पर निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार करने का आरोप है। पार्टी ने इसे स्पष्ट रूप से अनुशासनहीनता मानते हुए निष्कासन का फैसला लिया है।
पत्नी के लिए प्रचार करने वाले नेता भी शामिल
पार्टी के बयान के अनुसार, कुछ ऐसे कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी कार्रवाई के दायरे में आए हैं, जो स्वयं चुनाव मैदान में नहीं उतरे, लेकिन उनकी पत्नी निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रही हैं। ऐसे नेताओं पर पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के बजाय निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थन में काम करने का आरोप है। बीजेपी ने इसे भी पार्टी अनुशासन के खिलाफ माना है।
9 सितंबर को पहले चरण का मतदान
राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान 9 सितंबर को होगा। चुनाव आयोग और प्रशासन की ओर से मतदान को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले चरण में राज्य की 162 नगर निकायों में वोट डाले जाएंगे। इनमें चार नगर निगम, 27 नगर परिषद और 131 नगरपालिकाएं शामिल हैं।
5393 पार्षद पदों के लिए 20623 उम्मीदवार
पहले चरण में पार्षद के कुल 5,393 पदों के लिए 20,623 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा। इसके लिए कुल 7,683 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस चरण में 57,52,278 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने का दावा किया है।
जयपुर जिले के 18 निकायों में भी वोटिंग
पहले चरण में जयपुर जिले के 18 नगर निकायों में मतदान होगा। इसके लिए 565 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें मनोहरपुर, फुलेरा, सांभर, किशनगढ़-रेनवाल, शाहपुरा, दूदू, चाकसू, फागी, जोबनेर, खेजरोली, जमवारामगढ़, वाटिका, कानोता, बस्सी, बगरू, कालाडेरा और चौमूं शामिल हैं।
चार नगर निगमों में भी होगा मतदान
पहले चरण के तहत अलवर, भरतपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा नगर निगम में भी मतदान होना है। वहीं, जयपुर के कुल 150 वार्डों में बीजेपी ने आठ वार्डों में मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया है। इससे चुनावी मुकाबले में सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी चर्चा तेज है।
9 और 11 सितंबर को होंगे दो चरणों में चुनाव
राजस्थान के सभी 309 नगरीय निकायों के चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। पहले चरण का मतदान 9 सितंबर और दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर को होगा। इसके बाद 14 सितंबर को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। ऐसे में बीजेपी की ओर से 41 बागी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर की गई कार्रवाई चुनावी मुकाबले से पहले पार्टी की सख्त रणनीति को दर्शाती है।
Read More : SC Teachers Order: बिना वैधानिक योग्यता शिक्षक भर्ती पर रोक, सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश