सागर जहरीली शराब कांड में 20 हजार के इनामी मुख्य आरोपी रवि लखेरा का शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली। अब तक 33 आरोपी बनाए गए।
सागर जहरीली शराब कांड में 20 हजार के इनामी मुख्य आरोपी रवि लखेरा का शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में लगी गोली। अब तक 33 आरोपी बनाए गए।

Sagar hooch tragedy : जहरीली शराब कांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। शुक्रवार सुबह बरायठा के जंगल में पुलिस और 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी रवि लखेरा के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस कार्रवाई के दौरान रवि के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में इलाज के लिए बंडा अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार रवि अंतरराज्यीय शराब तस्कर है और उसके खिलाफ मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश समेत अन्य स्थानों पर करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं।


पुलिस को जहरीली शराब मामले के मुख्य आरोपी रवि लखेरा के बरायठा के जंगल में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस और रवि के बीच मुठभेड़ हुई। कार्रवाई में रवि के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए बंडा अस्पताल पहुंचाया।

रवि लखेरा पर पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
जहरीली शराब पीने के बाद अब तक 31 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। गुरुवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती तीन और मरीजों ने दम तोड़ दिया। हालांकि, प्रशासन की ओर से अब तक 16 मौतों की ही आधिकारिक पुष्टि की जा रही है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।
इससे पहले गुरुवार को प्रशासन ने तीन आरोपियों के पांच मकानों के अवैध हिस्सों पर बुलडोजर कार्रवाई की थी। कार्रवाई में आरोपी मनीष लोधी, करणी सेना के संभागीय अध्यक्ष चंद्रभान सिंह राजपूत और आशीष साहू के निर्माण शामिल थे। प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध शराब कारोबार से जुड़े आरोपियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई का हिस्सा बताया गया है।

पुलिस ने मामले में अब तक 33 लोगों को आरोपी बनाया है। इनमें मुख्य आरोपी रवि लखेरा समेत 18 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एक आरोपी की मौत हो चुकी है, जबकि एक अन्य आरोपी अस्पताल में भर्ती है। पुलिस के अनुसार मामले में अभी 13 आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
रवि लखेरा मूल रूप से छतरपुर जिले के महोबा का रहने वाला बताया गया है। वर्तमान में वह उत्तरप्रदेश के ललितपुर की गंगापुरम कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, रवि अंतरराज्यीय स्तर पर शराब की तस्करी से जुड़ा रहा है। उसके खिलाफ मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश समेत अन्य जगहों पर करीब 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें बड़ी संख्या आबकारी एक्ट से जुड़े मामलों की है।
पुलिस के मुताबिक रवि वर्ष 2025 में सागर के बहेरिया थाना क्षेत्र में आबकारी एक्ट के एक मामले में फरार चल रहा था। कुछ महीने पहले ललितपुर पुलिस ने उसे अवैध शराब फैक्ट्री के साथ गिरफ्तार किया था।
पुलिस का कहना है कि रवि को शराब बनाने और शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की जानकारी थी। वह अपनी टीम बनाकर नकली शराब तैयार करने का काम करता था। अब जहरीली शराब कांड में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।


© 2026 | All Rights Reserved | Thetarget365.com | Made By Top News Portal Development Company.
Call Us At – +91-:9406130006
WhatsApp – +91 62665 68872
Mail Us At – thetargetweb@gmail.com
Meet Us At – Shitla Ward, Ambikapur Dist. Surguja Chhattisgarh.497001.
