अंबिकापुर के साल्ही में शिक्षक दिवस पर आरआरवीयूएनएल ने 150 शिक्षकों का सम्मान किया। कार्यक्रम में 45 शासकीय विद्यालयों के शिक्षक-विद्यार्थी शामिल हुए।
अंबिकापुर के साल्ही में शिक्षक दिवस पर आरआरवीयूएनएल ने 150 शिक्षकों का सम्मान किया। कार्यक्रम में 45 शासकीय विद्यालयों के शिक्षक-विद्यार्थी शामिल हुए।

Ambikapur News : शिक्षक दिवस पर शिक्षकों के योगदान को सम्मान देने के साथ शिक्षा और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने की पहल की गई। आरआरवीयूएनएल की सीएसआर पहल के तहत अदाणी विद्या मंदिर, साल्ही में आयोजित ‘गुरु सम्मान’ कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 150 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में परसा परियोजना क्षेत्र के 15 गांवों के 45 शासकीय विद्यालयों से जुड़े शिक्षक और विद्यार्थियों ने भाग लिया।


कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। छात्रा इराम ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान पर अपने विचार साझा किए।


कार्यक्रम में क्लस्टर एचआर हेड एवं एसोसिएट जीएम लेफ्टिनेंट कर्नल अभिजीत ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 150 शिक्षकों को सम्मानित किया। सम्मानित शिक्षक परसा, साल्ही, बासेन, चकेरी, घाटबर्रा, फत्तेहपुर, तारा, जनार्दनपुर, शिवनगर, गुमगा, सैदू, सुस्काम, परोगिया, सरमा और पेंड्रीखी सहित आसपास के गांवों के 45 शासकीय विद्यालयों से जुड़े हैं।
क्लस्टर एचआर हेड राम द्विवेदी ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान का संचार नहीं करते, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य के सपने देखने की प्रेरणा भी जगाते हैं। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।


कार्यक्रम में शासकीय हाई स्कूल परसा के सीएसी एवं प्राचार्य राजकुमार चंद्रा, सुनील कुमार यादव, वेद प्रकाश देवांगन, विजय कुमार यादव और सत्येन्द्र नाथ योगी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
सत्येन्द्र नाथ योगी ने कहा कि सरकारी शिक्षकों का सम्मान करना सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजन शिक्षकों के योगदान को मान्यता देने के साथ विद्यालयों, समुदाय और विभिन्न हितधारकों के बीच संबंधों को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को सफल और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा प्रदान करते हैं।
आरआरवीयूएनएल की ओर से परसा परियोजना क्षेत्र में शिक्षा के विकास के लिए विभिन्न पहलें संचालित की जा रही हैं। इनमें जवाहर नवोदय विद्यालय, प्रयास, एकलव्य और सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रतियोगी कोचिंग केंद्र, अदाणी विद्या मंदिर के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा शासकीय विद्यालयों में अध्ययन सामग्री, डेस्क-बेंच, वाटर फिल्टर, खेल सामग्री और शौचालय जैसी सुविधाओं का विकास शामिल है।
कंपनी के अनुसार इन पहलों से क्षेत्र के 80 से अधिक विद्यालयों और 5,000 से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा है। शिक्षक दिवस पर आयोजित ‘गुरु सम्मान’ कार्यक्रम के जरिए शिक्षकों के योगदान को सम्मान देने के साथ शिक्षा और समुदाय के बीच सहभागिता का संदेश भी दिया गया।


© 2026 | All Rights Reserved | Thetarget365.com | Made By Top News Portal Development Company.
Call Us At – +91-:9406130006
WhatsApp – +91 62665 68872
Mail Us At – thetargetweb@gmail.com
Meet Us At – Shitla Ward, Ambikapur Dist. Surguja Chhattisgarh.497001.
