सरगुजा के बतौली में 48 वर्षीय महिला सरपंच जगरमती पैकरा की करैत सांप के सर्पदंश से मौत हो गई। जमीन पर सोते समय सांप ने काटा, अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत।
सरगुजा के बतौली में 48 वर्षीय महिला सरपंच जगरमती पैकरा की करैत सांप के सर्पदंश से मौत हो गई। जमीन पर सोते समय सांप ने काटा, अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत।

Death By SnakeBite : सरगुजा जिले के बतौली में दर्दनाक घटना सामने आई है। ग्राम पंचायत बतौली की महिला सरपंच जगरमती पैकरा की सर्पदंश से मौत हो गई। घर में मेहमानों के आने के कारण सरपंच और उनके पति जमीन पर बिस्तर लगाकर सोए थे। देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों को सर्पदंश का पता चला। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उनकी मौत हो गई।


जानकारी के मुताबिक, 48 वर्षीय जगरमती पैकरा गुरुवार रात अपने घर में मेहमानों के साथ खाना खाने के बाद सोने चली गई थीं। घर में मेहमान होने के कारण उन्होंने अपना पलंग उन्हें सोने के लिए दे दिया। इसके बाद जगरमती पैकरा और उनके पति विशुन पैकरा ने जमीन पर बिस्तर बिछाकर रात गुजारी।

रात करीब ढाई बजे जगरमती पैकरा अचानक बेचैन होकर उठीं और उन्हें उल्टी होने लगी। शुरुआत में परिजनों को लगा कि उनके पेट में मरोड़ या कोई अन्य तकलीफ है। इसी वजह से परिजन उनके पेट की मालिश करने लगे। इसी दौरान पेट पर सांप के काटने के निशान दिखाई दिए।
सर्पदंश की आशंका होने पर परिजनों ने कमरे में सांप की तलाश शुरू की। इसी दौरान उन्हें कमरे में करैत सांप दिखाई दिया। परिजनों ने सांप को एक टब से ढंक दिया और बिना देर किए जगरमती पैकरा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली लेकर पहुंचे।
सीएचसी बतौली में चिकित्सकों ने जगरमती पैकरा को एंटी स्नेक वेनम दिया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। परिजन तत्काल उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, लेकिन यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के मुताबिक, जब तक जगरमती पैकरा के सांप के काटने की जानकारी सामने आई, तब तक जहर काफी फैल चुका था। गंभीर स्थिति के चलते उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जगरमती पैकरा के तीन बच्चे हैं। उनके दो बेटों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। अंबिकापुर में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। महिला सरपंच की मौत की खबर से बतौली क्षेत्र में शोक का माहौल है।


© 2026 | All Rights Reserved | Thetarget365.com | Made By Top News Portal Development Company.
Call Us At – +91-:9406130006
WhatsApp – +91 62665 68872
Mail Us At – thetargetweb@gmail.com
Meet Us At – Shitla Ward, Ambikapur Dist. Surguja Chhattisgarh.497001.
