★ भगवान शिव, राम, जानकी, हनुमान, काली माता, राधा-कृष्ण की झांकियों ने मनमोहा
★ कट्टपा, धुमाल पार्टी और महाकाल डमरू की रही धूम
अंबिकापुर (thetarget365)। चैत्र नवरात्र की सप्तमी तिथि को श्रीराम सेना ने भव्य शोभायात्रा निकाली। शाम पांच बजे नगर के गांधी चौक स्थिति दुर्गा मंदिर से यह शोभायात्रा कई धमाल पार्टियों के साथ आकर्षक व मनमोहक झांकियों के साथ निकली तो पूरा शहर थम गया। घर से निकलकर लोग अपनी छत से व दुकानों में परिवार सहित इस भव्य शोभायात्रा को देखने निकले।
जगह-जगह पुष्प वर्षा कर लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। विभिन्न समाज और संगठनों ने अलग-अलग स्थान पर पुष्प वर्षा की व्यवस्था की थी। राम भक्त युवाओं की इतनी भीड़ निकली की गांधी चौक से संगम चौक तक एक किलोमीटर दूरी तय करने में ढाई घंटे का समय लग गया। यही नहीं यह यात्रा संगम चौक से महामाया चौक होते हुए रात्रि नौ बजे के बाद मां महामाया मंदिर पहुंची। आकर्षक झांकियों ने सबका मन मोह लिया। भगवान शिव, रामचंद्र, जानकी, लक्ष्मण बजरंगबली सहित अन्य देवी देवताओं की जीवंत झांकियों ने लोगों अपनी ओर खींच लिया। धुमाल और डीजे की धुन पर युवा श्री रामचंद्र व हनुमान जी के गीतों पर झूम रहे थे। कटप्पा व भूत प्रेत की काल्पनिक रूप व वेशभूषा की झांकी ने युवाओं को खूब आकर्षित किया। यह शोभा यात्रा अपरान्ह तीन बजे से निकलने वाली थी किंतु नामांकन रैलियों के कारण दो घंटे विलंब से शुरू हुई। इसके बाद भी जोश, उत्साह और भक्ति भाव में कोई कमी नजर नहीं आई। प्रशासन व पुलिस की टीम भी पूरी तरह मुस्तैद थी।
भगवा तोरण द्वार से सजा पूरा शहर
नगर के गांधी चौक से घड़ी चौक तक तोरण द्वार लगाया गया था। भगवा तोरण द्वार व भगवा सजावट से पूरा शहर आकर्षक लग रहा था। यातायात व्यवस्था को देखते हुए घड़ी चौक व महामाया चौक, संगम चौक पर तोरण द्वार को कुछ दिन पहले हटवाया गया था। चौराहे को छोड़कर तोरण लगाया गया। इस कारण यातायात व्यवस्था भी बाधित नहीं हुई। भगवा सजावट से पूरा शहर आज भगवा मय दिख रहा था।