अंबिकापुर के जयस्तंभ चौक पर पंडाल के रस्सी और तार में फंसने से मायापुर निवासी फैजान की मौत, साथी समीर घायल। मृतक के भाई की शिकायत पर आयोजक सुरेश कनौजिया और संदीप अग्रवाल के खिलाफ FIR दर्ज।
अंबिकापुर के जयस्तंभ चौक पर पंडाल के रस्सी और तार में फंसने से मायापुर निवासी फैजान की मौत, साथी समीर घायल। मृतक के भाई की शिकायत पर आयोजक सुरेश कनौजिया और संदीप अग्रवाल के खिलाफ FIR दर्ज।

Ambikapur News : अंबिकापुर शहर के जयस्तंभ चौक पर धार्मिक आयोजन की तैयारियों के दौरान सड़क पर लगाए गए रस्सी और तार एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुए। मायापुर निवासी 22 वर्षीय मोहम्मद फैजान की पंडाल के सामने मोटरसाइकिल से गुजरते समय तार में फंसने और करंट लगने से मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार समीर घायल हो गया।

घटना 16 अक्टूबर की शाम की बताई जा रही है। मामले में मृतक के भाई मोहम्मद अरबाज आलम की शिकायत पर पुलिस ने दुर्गा पंडाल के आयोजक सुरेश कनौजिया और संदीप अग्रवाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सड़क पर बिना संकेतक और पर्याप्त रोशनी के रस्सी, जीआई तार तथा बिजली का तार लगाए जाने के कारण यह हादसा हुआ।

प्राथमिकी में दर्ज शिकायत के अनुसार, मोहम्मद अरबाज आलम को शाम करीब 6:50 बजे मोबाइल पर सूचना मिली कि उनके भाई फैजान और उसका साथी समीर जयस्तंभ चौक पर यामाहा शोरूम के पास सड़क पर गिरे पड़े हैं और उन्हें चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, जहां दोनों युवक सड़क पर घायल अवस्था में मिले।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, फैजान के गले में रस्सी और जीआई तार के साथ बिजली का तार फंसा हुआ था। उसके गले पर करंट से जलने जैसा काला निशान भी दिखाई दिया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों की सहायता से दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के दौरान समीर की स्थिति सामान्य बताई गई, जबकि फैजान की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए संजीवनी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद फैजान को मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन और परिचित बड़ी संख्या में अस्पताल और कोतवाली पहुंचे। घटना के बाद क्षेत्र में भी नाराजगी का माहौल देखने को मिला।
मृतक के भाई ने अपनी शिकायत में जागृति समिति के तहत जयस्तंभ चौक पर लगाए जा रहे दुर्गा पंडाल के आयोजक सुरेश कनौजिया और संदीप अग्रवाल पर लापरवाही का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, पंडाल के सामने सड़क के बीच रस्सी, जीआई तार और बिजली का तार बिना किसी संकेतक या पर्याप्त रोशनी के लगाया गया था। आरोप है कि मोटरसाइकिल से गुजरते समय फैजान तार में फंस गया और करंट लगने से उसकी मौत हो गई। मामले में कोतवाली पुलिस ने देर राय भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) 225(a) और 3 (5) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
हादसे के बाद जगराता कार्यक्रम बंद कराए जाने की जानकारी सामने आई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जयस्तंभ चौक पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। मृतक के परिजनों और परिचितों ने सड़क पर बिना सुरक्षा इंतजामों के रस्सी और तार लगाए जाने पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस घटना ने शहर में सार्वजनिक और धार्मिक आयोजनों के दौरान यातायात सुरक्षा के इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

© 2026 | All Rights Reserved | Thetarget365.com | Made By Top News Portal Development Company.
Call Us At – +91-:9406130006
WhatsApp – +91 62665 68872
Mail Us At – thetargetweb@gmail.com
Meet Us At – Shitla Ward, Ambikapur Dist. Surguja Chhattisgarh.497001.
