धमतरी@thetarget365 : छत्तीसगढ़ के धमतरी में पुलिस कस्टडी में युवक की मौत के बाद पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है। मृतक युवक के परिजनों ने धमतरी में अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा करते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि पीटकर उनके बेटे की जान ले ली है। पुलिस ने मृतक आरोपी युवक दुर्गेश कठोलिया को करोड़ों रुपए की ठगी के मामले में गिरफ्तार किया था।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी दुर्गेश कठोलिया राजनांदगांव के भंवरमरा का रहने वाला था। आरोपी पर अर्जुनी थाना में धोखधड़ी की शिकायत दर्ज की गई थी। दुर्गेश कठोलिया पर शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि दुर्गेश ने किसानों से उंचे दामों पर धान खरीदी का झांसा दिया और पैसे नहीं लौटाए।
जब किसानों ने अपना पैसा मांगा तो युवक मोबाइल बंद कर लिया और फरार हो गया था। इसके बाद पीड़ित किसानों ने दुर्गेश के खिलाफ अर्जुनी थाने में 7 करोड़ रुपए की ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस के अनुसार, ठगी का आरोपी दुर्गेश आदर्श कृषि बीज के नाम से एक समिति संचालित करता था, जो किसानों से धान खरीदता था, लेकिन आरोपी किसानों से धान खरीद कर उन्हें बिना पैसे दिए ही फरार हो जाता था। आरोपी पर करीब 7 करोड़ के गबन का आरोप है।
धमतरी एसपी अंजनेय वार्ष्णेय ने कहा कि ठगी के आरोपी को कल शाम को 4 बजे गिरफ्तार किया गया था। डॉक्टर के एग्जामिनेशन के बाद जज के सामने पेश किया गया था, जहां से उसे 4 अप्रैल तक की पुलिस रिमांड मिली थी। रात करीब 9 बजे उसकी तबियत अचानक खराब हो गई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है।
मृतक आरोपी के परिजनों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सांकल से जमकर पिटाई की, जिसकी वजह से युवक की मौत हुई है। वहीं मृतक के परिजनों के आरोप पर एसपी ने कहा कि गिरफ्तारी के बाद सारे घटनाक्रम की वीडियो रिकार्डिंग उपलब्ध है। जिसे साक्ष्य के तौर पर प्रस्तुत किया जाएगा।